Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबाजी क्षेत्र में एक परिवार ने साहस और सूझबूझ का मिसाल पेश किया है। कमलाड़ी में तुनुहट्टी-ककिरा मार्ग पर उफान पर आए नाले में फंसे एक बाइक सवार को नवविवाहिता और उसकी ननद ने चुनरी बांधकर बचा लिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, इलाके में भारी बारिश के कारण तुनुहट्टी-ककिरा मार्ग पर पानी का बहाव बेहद तेज था। सड़क पर पानी इतने वेग से बह रहा था कि गाड़ियों का चलना मुश्किल हो गया था। इस दौरान ककिरा से तुनुहट्टी की ओर जा रहा एक परिवार अपनी गाड़ी में इस स्थिति का वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था।
आगे बढ़ने पर परिवार ने देखा कि एक बाइक सवार पैरापिट के पास अपनी बाइक समेत गहरे पानी में फंसा हुआ है। तेज बहाव के कारण उसके नाले में बहने का खतरा बना हुआ था। खतरे को देखते ही परिवार ने अपनी गाड़ी रोकी और बिना अपनी जान की परवाह किए रेस्क्यू शुरू कर दिया।
परिवार की महिलाओं ने अपनी चुनरियों को आपस में बांधकर एक मजबूत रस्सी बनाई और बाइक सवार की ओर फेंक दी। इसके बाद पूरे परिवार ने मशक्कत करके उसे सुरक्षित बाहर खींच लिया। समय पर मिली इस मदद से युवक की जान बच गई। सोशल मीडिया पर लोग परिवार की इस बहादुरी और मानवता की जमकर सराहना कर रहे हैं।
सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक सड़क किनारे बाइक के साथ फंसा था। वह बाइक बचाने के चक्कर में अटका रहा। इस पर परिवार के एक व्यक्ति ने उससे कहा कि बाइक को छोड़ दे, जान से ज्यादा प्यारी थोड़ी है। बाइक नीचे नाले में फंस जाएगी तो उसे बाद में निकाल लेना।