Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के बरमाणा में भाजपा के कार्यक्रम में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कांग्रेस नेता नतीश ठाकुर की अगुवाई में स्थानीय लोगों ने उनके काफिले को काले झंडे दिखाए। इस दौरान भाजपा के शीर्ष नेताओं के खिलाफ तीखी नारेबाजी भी हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा ने सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया था। इसमें शामिल होने पहुंचे जयराम ठाकुर के काफिले के सामने अचानक युवा आ गए। युवाओं ने जेपी नड्डा, अनुराग ठाकुर और सिकंदर कुमार के खिलाफ जमकर नारे लगाए, जिससे माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
सीमेंट कंपनी और ट्रक ऑपरेटरों के मुद्दे पर जताया कड़ा विरोध
कांग्रेस सदर मंडल उपाध्यक्ष नतीश ठाकुर ने कहा कि यह विरोध बरमाणा सीमेंट कंपनी से जुड़े ट्रक ऑपरेटरों की समस्याओं को लेकर था। उन्होंने आरोप लगाया कि अडानी समूह द्वारा अधिग्रहण के बाद 67 दिन तक कंपनी बंद रही। इसके बाद ऑपरेटरों के माल ढुलाई किराए में भारी कटौती कर दी गई, जिससे लोग परेशान हैं।
नतीश ठाकुर ने आरोप लगाया कि ऑपरेटरों को मल्टीएक्सल ट्रकों में करीब 1.91 रुपये और छह टायर वाले ट्रकों में 1.11 रुपये प्रति किलोमीटर का नुकसान हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नेताओं ने विधानसभा या केंद्र स्तर पर इस मुद्दे को कभी नहीं उठाया। साथ ही उन्होंने स्थानीय ठेकेदारों की अनदेखी का आरोप लगाया।