Kerala News: केरल में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे राज्य सरकार के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन तूफान’ को अब केंद्र सरकार की राष्ट्रव्यापी पहल ‘नशा मुक्त भारत’ के साथ जोड़कर संचालित किया जाएगा। इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सुझाव पर राज्य सरकार ने सहमति जताई है और दोनों अभियान मिलकर मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे।
राज्य सरकार के अनुसार, केंद्र सरकार की इस पहल से असहमत होने का कोई कारण नहीं है और राज्य इसमें पूरी तरह शामिल होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य के नशा-विरोधी अभियान की प्राथमिक सफलताओं की सराहना की थी और दोनों अभियानों को एक साथ मिलाकर काम करने का सुझाव दिया था। इसके साथ ही उन्होंने नशीले पदार्थों के खिलाफ इस मुहिम में समाज के सभी वर्गों और समुदायों को साथ लाने की बात भी कही थी।
पुनर्वास और देखभाल पर रहेगा अगले चरण का फोकस
राज्य भर में पुलिस लगातार सक्रियता दिखाते हुए भारी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त कर रही है। ‘ऑपरेशन तूफान’ को आम जनता का भी व्यापक समर्थन और सहयोग मिल रहा है।
सख्त जब्ती और कार्रवाई के बाद अब यह अभियान अपने अगले चरण में प्रवेश कर रहा है। इस नए चरण में नशे की लत से जूझ रहे पीड़ितों की समुचित देखभाल और उनके पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा, ताकि उन्हें दोबारा समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।