Health News: दीवाली के उत्सव, देर रात तक चलने वाली पार्टियों और अनियंत्रित खान-पान के बाद अक्सर शरीर में भारी थकान, सुस्ती और नींद की कमी की समस्या देखने को मिलती है। अचानक पुरानी दिनचर्या में लौटना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे में सही खान-पान, पर्याप्त हाइड्रेशन, तेल मालिश और घरेलू स्किनकेयर अपनाकर शरीर को प्राकृतिक तरीके से डिटॉक्स और ऊर्जावान बनाया जा सकता है।
त्योहारी सीजन में अत्यधिक तला-भुना और मीठा खाने के बाद कई लोग पश्चाताप (गिल्ट) के चलते भोजन करना ही छोड़ देते हैं, जो शरीर के मेटाबॉलिज्म के लिए नुकसानदेह हो सकता है। उपवास करने के बजाय हल्का और सुपाच्य भोजन चुनना समझदारी भरा कदम है। अपनी डाइट में दलिया, खिचड़ी, सूप, ओट्स, चिया व अलसी के बीज और हल्के मेवे शामिल करने से पाचन तंत्र को आराम मिलता है और आवश्यक पोषण भी प्राप्त होता है।
घर पर ऐसे करें स्किन केयर और बॉडी डिटॉक्स
प्रदूषण, धूल और लगातार भारी मेकअप के कारण त्वचा बेजान और थकी हुई दिखने लगती है। इसे निखारने के लिए क्लीन-अप बेहद उपयोगी है। इसे घर पर भी आसानी से किया जा सकता है:
- चेहरे की क्लींजिंग: सबसे पहले कच्चे दूध से चेहरे की सफाई करें और हल्के हाथों से मसाज करें।
- स्क्रबिंग और पैक: माइल्ड स्क्रब से डेड स्किन हटाएं और इसके बाद चंदन या मुल्तानी मिट्टी का फेस पैक लगाएं। सूखने पर इसे गुनगुने पानी से धो लें।
- सिर और शरीर की मालिश: सिर की थकान मिटाने के लिए गुनगुने नारियल तेल से उंगलियों के पोरों से धीरे-धीरे मसाज करें। वहीं मांसपेशियों की जकड़न और दर्द दूर करने के लिए गुनगुने तिल के तेल से पूरे शरीर की मालिश लाभदायक होती है।
पैरों के दर्द से राहत और हाइड्रेशन पर दें ध्यान
लगातार दौड़भाग के कारण पैरों, विशेषकर पिंडलियों में भारी दर्द और खिंचाव महसूस होता है। इससे राहत पाने के लिए एक बड़े टब में गुनगुना पानी लेकर उसमें थोड़ा एप्सम सॉल्ट (सेंधा नमक) और नींबू का रस मिलाएं। इसमें पैरों को लगभग 30 मिनट तक डुबोकर रखने से मांसपेशियों की सूजन और दर्द में तेजी से आराम मिलता है।
त्योहार के दौरान पानी कम पीना भी थकान और डिहाइड्रेशन की मुख्य वजह बनता है। शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकालने के लिए सादे पानी के अलावा नींबू पानी, नारियल पानी और जीरा-अजवाइन का उबला पानी घूंट-घूंट कर पिएं। साथ ही कुछ दिनों तक पैकेटबंद, अत्यधिक तेल-मसालेदार और प्रोसेस्ड फूड से पूरी तरह परहेज रखें।