Bulandshahr News: काली नदी में गिर रहे अनट्रीटेड गंदे पानी को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का सख्त नोटिस मिलने के बाद बुलंदशहर नगर पालिका ने समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया है। नगर पालिका प्रशासन शहर के तीन प्रमुख नालों के पानी को काली नदी में समाहित करने से पहले ‘जैव-फाइटोरेमेडिएशन’ (Bio-Phytoremediation) तकनीक से उपचारित (ट्रीट) करने की योजना पर काम कर रहा है। इस प्राकृतिक और किफायती प्रक्रिया के तहत प्रत्येक नाले पर लगभग 50 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
हापुड़ से निकलकर अलीगढ़ तक बहने वाली करीब 110 किलोमीटर लंबी काली नदी में प्रदूषण का एक बड़ा कारण बुलंदशहर के नालों से निकलने वाला दूषित पानी और ठोस कचरा है। वार्ड संख्या 28 स्थित महिला थाने के पास का नाला, बंध के सहारे बहने वाला नाला और आदिल नगर के समीप स्थित नाला बिना किसी ट्रीटमेंट के सीधे नदी में गिर रहे हैं। गंदे पानी के साथ भारी मात्रा में पॉलीथिन और सॉलिड वेस्ट जाने के कारण नदी के आसपास तेज दुर्गंध और गंभीर जल प्रदूषण की समस्या बनी हुई है।
बोर्ड ने दिया था नाले बंद करने का नोटिस
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से समय-समय पर नगर पालिका को नालों का पानी शुद्ध करने के निर्देश दिए जाते रहे हैं। हाल ही में करीब दो सप्ताह पूर्व बोर्ड ने नालों को टैप (बंद) करने का कड़ा नोटिस जारी किया। इसके बाद बोर्ड के अधिकारियों की एक टीम ने पालिका कार्यालय पहुंचकर नालों को तत्काल बंद कराने को लेकर वार्ता की।
अचानक नाले बंद करने से शहर में जलभराव की आशंका और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की स्थापना में लगने वाले लंबे समय को देखते हुए पालिका प्रशासन के सामने तकनीकी चुनौती खड़ी हो गई थी। पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) डॉ. अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि कम लागत और त्वरित परिणाम सुनिश्चित करने के लिए जैव-फाइटोरेमेडिएशन तकनीक अपनाने का निर्णय लिया गया है।
कैना लिली पौधों से होगा प्राकृतिक उपचार
जलकल विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) रजत त्रिपाठी के अनुसार, जैव-फाइटोरेमेडिएशन गंदे पानी को साफ करने की पूरी तरह पर्यावरण-अनुकूल और प्राकृतिक विधि है।
इस प्रक्रिया में बजरी, रेत और अन्य प्राकृतिक फिल्टर सामग्रियों से विशेष क्यारियां बनाई जाती हैं, जिनमें कैना लिली (कन्ना) जैसे पौधे रोपे जाते हैं। जब नालों का दूषित पानी इन क्यारियों से होकर बहता है, तो पौधों की जड़ों के पास सक्रिय सूक्ष्मजीव जैविक प्रदूषकों को विघटित करते हैं। साथ ही ये पौधे पानी में घुले नाइट्रोजन और फास्फोरस जैसे हानिकारक तत्वों को अवशोषित कर लेते हैं। इस तकनीक से पानी की गंदगी, ठोस कण और दुर्गंध काफी हद तक समाप्त हो जाएगी, जिससे काली नदी में केवल उपचारित पानी ही प्रवेश करेगा।