Shimla News: सीने में हल्का दर्द या भारीपन महसूस होने पर उसे साधारण गैस समझकर नजरअंदाज करना जानलेवा साबित हो सकता है। विश्व हृदय दिवस पर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव मरवाह ने लोगों को दिल की बीमारियों के शुरुआती लक्षणों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है।
इन गंभीर लक्षणों को कभी न करें नजरअंदाज
डॉक्टरों के अनुसार अगर सीने में तेज दर्द के साथ अचानक बहुत अधिक पसीना आए, चक्कर महसूस हों या सांस लेने में तकलीफ हो, तो तुरंत अस्पताल पहुंचना चाहिए। बिना किसी शारीरिक मेहनत के अत्यधिक थकान होना भी दिल की बीमारी का संकेत हो सकता है। ऐसे हालात में समय पर जांच बेहद जरूरी है।
युवाओं में तेजी से बढ़ रहे हैं हृदय रोग के मामले
विशेषज्ञों ने युवाओं और बच्चों में तेजी से बढ़ रहे हृदय रोगों पर गहरी चिंता जाहिर की है। गलत खानपान, जंक फूड, बढ़ता मोटापा और शारीरिक निष्क्रियता इसका सबसे प्रमुख कारण हैं। इसके अलावा खेलकूद छोड़कर मोबाइल और इंटरनेट पर लंबा समय बिताने की आदत दिल की सेहत को बुरी तरह नुकसान पहुंचा रही है।
हृदय को स्वस्थ रखने के लिए जीवनशैली में बदलाव करना जरूरी है। विशेषज्ञ बच्चों में मोबाइल स्क्रीन का इस्तेमाल सिर्फ पढ़ाई तक सीमित रखने की सलाह देते हैं। युवाओं को जंक फूड छोड़कर संतुलित आहार अपनाना चाहिए और मैदान में शारीरिक गतिविधियों व खेलकूद में नियमित रूप से हिस्सा लेकर दिल को मजबूत बनाना चाहिए।