Mumbai News: अपनी रिलीज़ के एक साल बाद भी हॉरर फिल्म ‘छोरी 2’ लगातार चर्चा में बनी हुई है। यह फिल्म न केवल सबसे चर्चित ओटीटी फिल्मों में शामिल रही, बल्कि अभिनेत्री नुसरत भरूचा के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में दर्ज हो चुकी है।
फिल्म में निभाए गए ‘साक्षी’ के दमदार किरदार के लिए नुसरत भरूचा को अब तक सात प्रतिष्ठित अवॉर्ड मिल चुके हैं। इन सम्मानों ने उनके अभिनय की गहरी छाप को साबित किया है। इसके साथ ही वह ओटीटी प्लेटफॉर्म की सबसे प्रभावशाली अभिनेत्रियों में शामिल हो गई हैं।
‘साक्षी’ के किरदार ने जीता दर्शकों और समीक्षकों का दिल
‘छोरी 2’ में नुसरत भरूचा ने एक ऐसी मां का किरदार निभाया है, जो चुनौतियों का सामना करते हुए अपनी बेटी की रक्षा करती है। उन्होंने डर, दर्द और अदम्य साहस के बीच संतुलन बनाते हुए इस जटिल किरदार को बेहद प्रभावशाली ढंग से पर्दे पर जीवंत किया है।
नुसरत की यह बड़ी सफलता इस बात का संकेत है कि ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ होने वाली फिल्मों और कलाकारों को भी बड़े पर्दे के समान पहचान मिल रही है। मजबूत कंटेंट और भावनात्मक गहराई से भरपूर अभिनय को दर्शकों और आलोचकों द्वारा लगातार सराहा जा रहा है।
महिला-केंद्रित फिल्मों की मजबूत पहचान बनीं नुसरत भरूचा
अपनी ग्लैमरस छवि के साथ-साथ नुसरत भरूचा हमेशा से लीक से हटकर कहानियों का चयन करने के लिए जानी जाती हैं। ‘छोरी’, ‘जनहित में जारी’ और ‘अकेली’ जैसी फिल्मों में उन्होंने मजबूत किरदार निभाए हैं। इनमें ‘साक्षी’ का रोल उनके करियर का सबसे यादगार प्रदर्शन बन गया है।
‘छोरी 2’ के लिए सात बड़े सम्मान हासिल करने के बाद नुसरत का यह प्रदर्शन पिछले एक साल के सबसे चर्चित ओटीटी रोल्स में गिना जा रहा है। यह सफलता साबित करती है कि सशक्त अभिनय और दमदार कहानी हमेशा दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बना लेती है।