Shimla News: हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले की रोहड़ू पुलिस ने एक गाड़ी से 103 पेटी अवैध शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई खेप में विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी और देशी शराब शामिल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गाड़ी की तलाशी में मिली अंग्रेजी और देशी शराब
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई को रोहड़ू थाना की टीम इलाके में गश्त पर थी। पुलिसकर्मी नाकाबंदी कर गाड़ियों की जांच कर रहे थे। इसी बीच पुलिस ने एक संदिग्ध गाड़ी को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर गाड़ी के अंदर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।
पकड़े गए तीनों आरोपी मूल रूप से नेपाल के निवासी
मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा है। इनकी पहचान 25 वर्षीय राजू, 50 वर्षीय प्रेम बहादुर कार्की और 29 वर्षीय यज्ञ बहादुर कार्की के रूप में हुई है। ये तीनों मूल रूप से नेपाल के रहने वाले हैं। वर्तमान में तीनों आरोपी रोहड़ू क्षेत्र में ही रह रहे थे।
लाइसेंस न दिखाने पर आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज
पूछताछ के दौरान आरोपी शराब के परिवहन से जुड़ा कोई वैध परमिट या लाइसेंस पेश नहीं कर सके। पुलिस ने रविवार को बताया कि आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब शराब के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगा रही है।