5 करोड़ की रंगदारी मामले में उर्मिला सनावर को मिली जमानत, जमानती दाखिल न होने से रिहाई अटकी

Share

- Advertisement -

Haridwar News: पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपित अभिनेत्री उर्मिला सनावर को अदालत से जमानत मिल गई है। हालांकि, तय समय पर जमानती दाखिल न हो पाने के कारण उनकी रिहाई फिलहाल लटक गई है। वहीं देहरादून पुलिस द्वारा अन्य मामले में रिमांड लेने की संभावना के चलते मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी से फोन पर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और धमकी देने के मामले में आरोपित उर्मिला सनावर को अदालत से राहत मिली है। हरिद्वार की अदालत ने जमानत प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के बाद उर्मिला की जमानत अर्जी स्वीकार कर ली। लेकिन अदालत में आवश्यक जमानती दाखिल न किए जाने के कारण उर्मिला को फिलहाल जेल में ही रहना पड़ा है।

सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष की अधिवक्ता प्रीति सिंह चौहान ने अदालत में दलीलें पेश कीं, जबकि अभियोजन अधिकारी धर्मेंद्र सिंह आर्य ने जमानत का कड़ा विरोध किया। अभियोजन पक्ष ने तर्क दिया कि आरोपित के खिलाफ पहले से करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं और रिहा होने पर वह जमानत का दुरुपयोग कर सकती हैं। दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद अदालत ने पाया कि अधिकांश धाराएं जमानतीय प्रकृति की हैं, आरोपित एक महिला है और लगाए गए आरोप आजीवन कारावास या मृत्युदंड से दंडनीय नहीं हैं। इन आधारों पर कोर्ट ने जमानत मंजूर कर ली।

देहरादून में दर्ज मामले में पुलिस रिमांड की तैयारी, बढ़ सकती हैं मुश्किलें

अदालत से जमानत मिलने के बावजूद तय समय सीमा में सक्षम जमानती पेश न होने के कारण उर्मिला सनावर को रोशनाबाद जेल में ही रहना पड़ा। इसी बीच उनके खिलाफ पूर्व में दर्ज अन्य मुकदमों को लेकर भी कानूनी हलचल तेज हो गई है।

सूत्रों के अनुसार, देहरादून में दर्ज एक अन्य पुराने मामले को लेकर पुलिस अदालत से उर्मिला की रिमांड मांग सकती है। यदि पुलिस को नए मामले में रिमांड मिल जाता है, तो रंगदारी मामले में जमानत मिलने के बाद भी उनकी जेल से रिहाई पर संशय बना रहेगा और न्यायिक हिरासत की अवधि बढ़ सकती है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News