Haridwar News: दीपावली पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी मिठाइयों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीमों ने लक्सर, सुल्तानपुर और कनखल क्षेत्र में मिठाई निर्माण इकाइयों और दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गंदगी और एक्सपायरी तिथि न होने पर कई दुकानों को नोटिस जारी किए गए, जबकि 10 विधिक नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी रोकने के लिए व्यापक स्तर पर सैंपलिंग और जांच अभियान शुरू किया है। उपायुक्त लैब बीरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और योगेंद्र पांडेय की टीम ने सुल्तानपुर और लक्सर क्षेत्र की विभिन्न मिठाई निर्माण इकाइयों और दुकानों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीमों ने गुणवत्ता जांच के लिए मिठाइयों के सात नमूने एकत्र किए।
जांच के दौरान लक्सर स्थित आजाद स्वीट्स और खाटू श्याम स्वीट्स के निर्माण कक्षों में भारी गंदगी पाई गई। साथ ही खुली मिठाइयों पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि दर्ज न होने पर दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए। इसके अतिरिक्त लक्ष्मी स्वीट्स को भी जरूरी तिथियां अंकित न होने पर नोटिस थमाया गया। सुल्तानपुर की निर्माण इकाई को सख्त निर्देश दिए गए कि डिब्बों और ट्रे पर निर्माण व एक्सपायरी तिथि, निर्माता का नाम-पता और फूड लाइसेंस नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज करने के बाद ही बिक्री और सप्लाई की जाए।
78 पदार्थों की मौके पर जांच, 13 फेल; खराब मिठाई कराई गई नष्ट
मोबाइल प्रयोगशाला के माध्यम से अभियान के दौरान मिठाइयों, मसालों, तेल, दूध और दुग्ध उत्पादों सहित कुल 78 खाद्य पदार्थों की मौके पर ही जांच की गई। प्राथमिक जांच में 13 खाद्य पदार्थों के नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिन्हें मौके से तत्काल हटवाया गया। इस दौरान खाटू श्याम स्वीट्स से करीब पांच किलोग्राम खराब मिठाई भी मौके पर नष्ट कराई गई।
नगर निगम क्षेत्र में भी अभियान, चांदी के वर्क व खोया के नमूने लिए
दूसरी ओर, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा की टीम ने नगर निगम क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाया। कनखल स्थित खन्ना स्वीट हाउस से चांदी के वर्क का नमूना जांच के लिए लिया गया। साथ ही मिठाइयों पर निर्माण और ‘यूज बाइ डेट’ न होने पर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने का नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर चालान की कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा शर्मा दुग्ध भंडार से खोया और बृजवासी स्वीट्स से छेना का नमूना एकत्र किया गया। विभागीय टीमों ने कुल 10 विधिक नमूने प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे हैं। अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरों पर निगरानी रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।