18 किमी चुपचाप चली भैंस, गांव आते ही मालिक के घर भागी; पीछे पहुंचे चोर को ग्रामीणों ने पकड़ा

Share

- Advertisement -

Shivpuri News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में भैंस चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। चोर जिस भैंस और उसकी पड़िया को 18 किलोमीटर दूर तक हांककर ले गए, वह अपना गांव आते ही सीधे मालिक के खूंटे पर जा पहुंची। भैंस का पीछा करते हुए पहुंचे एक चोर को ग्रामीणों ने दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।

शिवपुरी जिले के ग्राम माढ़ा गणेशखेड़ा से दो शातिर चोर एक भैंस और उसकी पड़िया को चुराकर ले जा रहे थे। भैंस करीब 18 किलोमीटर तक बिना किसी विरोध के उनके साथ चलती रही, लेकिन जैसे ही रास्ता उसके अपने गांव झंडी से गुजरा, उसने अचानक दौड़ लगा दी और सीधे अपने मूल मालिक के घर जाकर खड़ी हो गई। भैंस को अपनी बताने पहुंचा चोर ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से भाग निकला।

ससुराल में रखी थी भैंस, चोरों ने बनाया था निशाना

ग्राम झंडी निवासी अरविंद लोधी ने करीब तीन महीने पहले अपनी भैंस और पड़िया को अपनी ससुराल माढ़ा गणेशखेड़ा में ससुर के यहां छोड़ा था। 5 नवंबर को बाइक सवार दो अज्ञात चोर वहां पहुंचे और मौका पाकर भैंस व उसकी पड़िया को हांककर ले जाने लगे। चोर जिस रास्ते से निकल रहे थे, वह संयोगवश झंडी गांव की तरफ से ही होकर गुजरता था।

गांव पहुंचते ही खूंटे पर पहुंची, दावा करने आया चोर पकड़ा गया

झंडी गांव की सीमा में दाखिल होते ही भैंस ने खुद को चोरों की पकड़ से छुड़ा लिया और तेजी से दौड़ते हुए सीधे अरविंद लोधी के घर पहुंचकर अपने पुराने खूंटे पर खड़ी हो गई। भैंस के पीछे-पीछे दो चोरों में से एक युवक भी अरविंद के घर पहुंच गया और दावा करने लगा कि यह भैंस उसकी है और गलती से यहां आ गई है।

अचानक पहुंचे अज्ञात युवक के दावे पर अरविंद लोधी को संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल अपनी ससुराल माढ़ा गणेशखेड़ा में फोन लगाकर जानकारी ली, जहां से पता चला कि भैंस और पड़िया चोरी हो चुकी हैं।

चोरी का राजफाश होते ही ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एक चोर को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसका दूसरा साथी बाइक छोड़कर फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में चोरी की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे पुलिस को सौंप दिया। इलाके में अब इस समझदार भैंस की सूझबूझ की चर्चा हो रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News