इथियोपिया से डिपोर्ट कर भारत लाया गया 5 लाख का इनामी गैंगस्टर गुरविंदर अफरीदी, AGTF को मिली बड़ी सफलता

Share

- Advertisement -

Chandigarh News: पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने 10 महीने तक चले अंतरराष्ट्रीय अभियान के बाद कुख्यात गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी को इथियोपिया से डिपोर्ट कराकर भारत ले आई है। 5 लाख रुपये के इनामी और 30 से अधिक गंभीर मामलों में वांछित आरोपी को दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया।

पंजाब पुलिस ने राज्य में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन गैंगस्टर ते वार’ के तहत एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय सफलता हासिल की है। पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने 10 महीने से फरार चल रहे 5 लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी को अफ्रीकी देश इथियोपिया से डिपोर्ट कराकर भारत लाने में कामयाबी हासिल की है। आरोपी को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचते ही हिरासत में ले लिया गया, जहां से पुलिस टीम उसे अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए पंजाब ले जा रही है।

30 से अधिक गंभीर मामलों में वांछित था आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गुरविंदर उर्फ अफरीदी कुख्यात डोनी बल-प्रभ दासूवाल गैंग का मुख्य सरगना है। वह हत्या के प्रयास, रंगदारी और हथियारों की तस्करी सहित 30 से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमों में वांछित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह फर्जी दस्तावेजों के सहारे विदेश भाग गया था, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय जांच एजेंसियों और इंटरपोल के समन्वय से पिछले 10 महीनों से उसकी लोकेशन पर नजर रखी जा रही थी।

डीजीपी ने दी अपराधियों को चेतावनी

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि राज्य पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अपराध करके विदेश भागने वाले अपराधी कानून की पहुंच से बच नहीं सकते। पुलिस लगातार विदेश भागे बदमाशों को ट्रैक कर रही है और उन्हें प्रत्यर्पित या डिपोर्ट कराकर वापस लाया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपराध और गैंगस्टर संस्कृति के रास्ते से दूर रहें।

‘ऑपरेशन गैंगस्टर ते वार’ के तहत अब तक 13 अपराधी डिपोर्ट

डीजीपी के मुताबिक, जनवरी 2026 में ‘ऑपरेशन गैंगस्टर ते वार’ के तहत चलाए गए अभियान में तेजी लाई गई। इस अभियान के तहत अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से अब तक 13 अपराधियों को विदेश से डिपोर्ट कराया जा चुका है। इसके अलावा विदेश भागे अन्य गैंगस्टरों की धरपकड़ के लिए 25 रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी करवाए गए हैं।

पुलिस विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2022 के बाद से संगठित अपराध नेटवर्क पर लगातार प्रहार किया जा रहा है। राज्य में अब तक 1,293 गैंगस्टर मॉड्यूल ध्वस्त किए जा चुके हैं और 3,339 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन अभियानों के दौरान पुलिस ने 2,500 से अधिक अवैध हथियार और 700 से अधिक वाहन भी जब्त किए हैं।

Read more

Related News