Tarn Taran News: विदेश में छिपे गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। विदेश में बैठे गैंगस्टर लखबीर सिंह हरिके और प्रभ दासुवाल के प्रमुख गुर्गे गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी तूत को इथियोपिया से भारत डिपोर्ट करवा लिया गया है।
पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF), काउंटर इंटेलिजेंस और ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड प्रत्यर्पण सेल (OFTEC) ने केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर इस संयुक्त अभियान को अंजाम दिया। ‘ऑपरेशन शहीद’ नाम से चलाए गए इस गुप्त अभियान के तहत 5 लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी को इथियोपिया से पकड़कर भारत लाया गया है।
एशिया और अफ्रीका के कई ठिकानों पर रखी जा रही थी नजर
खुफिया एजेंसियों ने एशिया, दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका समेत कई देशों में फैले नेटवर्क से इनपुट जुटाने के बाद अफरीदी की गतिविधियों पर नजर रखी थी। सटीक लोकेशन मिलते ही एजेंसियों ने कार्रवाई करते हुए उसे ट्रैक किया और डिपोर्टेशन की प्रक्रिया पूरी कराई। जिला तरन तारन और आसपास के इलाकों में अफरीदी का भारी खौफ था।
हत्या और रंगदारी के करीब 50 मामलों में था वांछित
तरन तारन जिले के गांव तूत निवासी गुरविंदर अफरीदी पर पंजाब में कई टारगेट किलिंग और वारदातों को अंजाम देने का आरोप है। इनमें पट्टी ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गुरमेल सिंह तूत की हत्या का मामला भी शामिल है। इसके अलावा, पंजाब के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ रंगदारी, फिरौती और हत्या के प्रयासों के करीब 50 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गैंगस्टर अमृतपाल बाठ को भी भारत लाने की प्रक्रिया जारी
इससे पहले, विदेश में बैठे एक अन्य प्रमुख गैंगस्टर अमृतपाल सिंह बाठ को भी कनाडा में डिटेन किया जा चुका है और उसे भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। तरन तारन के गांव मियाविंड का निवासी अमृतपाल बाठ हत्या और संगीन अपराधों के 21 मामलों में वांछित है। पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की यह संयुक्त कार्रवाई विदेशों में शरण लिए गैंगस्टरों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार मानी जा रही है।