Uttar Pradesh Crime: सहारनपुर के कुतुबशेर थाना क्षेत्र में दिवाली बोनस के पैसों से पार्टी देने से इनकार करने पर एक सुरक्षा गार्ड (चौकीदार) की उसके ही सहकर्मियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को कार में रखकर ठिकाने लगाने और हत्या को सड़क हादसे का रूप देने जा रहे आरोपियों की कार पिलखनी के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार पांचों आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन से मृतक का शव बरामद कर सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सरसावा थाना क्षेत्र के गांव अलीपुरा निवासी सोमपाल (55) पिछले आठ वर्षों से अंबाला रोड स्थित इस्माइलपुर में एक आयुर्वेदिक दवा कंपनी के गोदाम में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात थे। परिजनों के अनुसार, सोमवार रात उनके साथ काम करने वाले सोनू ने सोमपाल को फोन कर गोदाम पर बुलाया था। वहां सोनू के साथ उसके साथी अक्षय, टिंकू, नितिन और अमन पहले से मौजूद थे। दिवाली पर कंपनी की ओर से सभी कर्मचारियों को 10-10 हजार रुपये का बोनस मिला था। सोनू और उसके साथी सोमपाल पर बोनस के पैसों से शराब पार्टी और दावत देने का दबाव बना रहे थे।
दावत देने से मना करने पर की बर्बरतापूर्ण पिटाई
मृतक के बेटे अजय और भतीजे राहुल के मुताबिक, जब सोमपाल ने पार्टी देने से साफ मना कर दिया, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर सोमपाल ने अपने गांव के एक परिचित को फोन कर जानकारी दी। कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे भी, लेकिन आरोपियों ने उन्हें धमकाकर वहां से भगा दिया। इसके बाद गोदाम के अंदर आरोपियों ने शराब पी और सोमपाल पर जानलेवा हमला करते हुए लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी।
हत्या को सड़क हादसे का रूप देने की रची साजिश
वारदात के बाद आरोपी साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से सोमपाल के शव को नितिन की कार में डालकर सरसावा की ओर ले गए। परिजनों का आरोप है कि हत्या को दुर्घटना में तब्दील करने के लिए आरोपियों ने पिलखनी बस स्टैंड के पास स्थित एक धर्मकांटे के समीप कार को जानबूझकर पेड़ और खंभे से टकरा दिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांचों आरोपी भी घायल हो गए। आरोपी प्राथमिक उपचार लेने के बाद मौके से फरार होने की फिराक में थे, लेकिन ग्रामीणों और पुलिस की सतर्कता से मामला खुल गया। पुलिस टीम ने कार के भीतर से सोमपाल का शव बरामद किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पांचों आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज
सोमपाल परिवार के मुख्य सहारा थे और उनके तीन बेटे मजदूरी कर घर का खर्च चलाते हैं। शुरुआत में परिजनों को सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी, लेकिन परिस्थितियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कुतुबशेर थाने में नामजद तहरीर दी।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि पिलखनी के पास सड़क हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, जहां सोमपाल मृत मिले और सोनू, अक्षय, टिंकू, नितिन तथा अमन घायल अवस्था में मिले। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस गोदाम में हुए विवाद, घटनास्थल के साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच कर रही है।