बॉम्बे हाईकोर्ट की अहम टिप्पणी: घरेलू झगड़े में गुस्से से ‘जो करना है करो’ कहना आत्महत्या के लिए उकसाना नहीं

Share

- Advertisement -

National News: बॉम्बे हाईकोर्ट ने घरेलू विवाद से जुड़े आत्महत्या के एक मामले में आरोपी पति को जमानत दे दी है। अदालत ने स्पष्ट किया कि घरेलू झगड़े के दौरान गुस्से में कहे गए शब्द प्रथम दृष्टया आत्महत्या के लिए उकसाने की श्रेणी में नहीं आते हैं। साथ ही, काम की व्यस्तता के कारण पत्नी को समय न दे पाने को क्रूरता नहीं माना जा सकता।

बॉम्बे हाईकोर्ट ने घरेलू कलह के बाद पत्नी की आत्महत्या के मामले में आरोपी पति को बड़ी राहत देते हुए जमानत दे दी है। जस्टिस मिलिंद एन. जाधव की पीठ ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 108, 85 और 3(5) के तहत दर्ज एफआईआर (FIR) पर सुनवाई करते हुए यह महत्वपूर्ण फैसला सुनाया। अदालत ने कहा कि घरेलू झगड़े के दौरान गुस्से में कहे गए शब्द और उसके बाद घर से बाहर चले जाना प्रथम दृष्टया आत्महत्या के लिए उकसाने, जानबूझकर गलत इरादा रखने या मजबूर करने की साजिश के दायरे में नहीं आता है।

काम की व्यस्तता को क्रूरता नहीं माना जा सकता: कोर्ट

मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने यह भी टिप्पणी की कि काम की व्यस्तता के कारण पति का अपनी पत्नी के साथ पर्याप्त समय न बिता पाना या उसे बाहर न ले जा पाना दोनों के बीच कलह का कारण तो बन सकता है, लेकिन इसे कानूनी रूप से क्रूरता की श्रेणी में नहीं रखा जा सकता।

क्या था पूरा मामला?

अभियोजन पक्ष और शिकायत के अनुसार, दंपती की शादी जुलाई 2025 में हुई थी। शुरुआत में दोनों आरोपी के माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहते थे, लेकिन घटना से लगभग एक महीने पहले ही वे एक अलग फ्लैट में रहने चले गए थे। महिला के मायके वालों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी अपनी पत्नी के साथ पर्याप्त समय नहीं बिताता था और उसे रिश्तेदारों के यहां या बाहर ले जाने से बचता था। यह भी आरोप था कि जब पत्नी उसके करीब आने की कोशिश करती थी, तो वह उसे रोक देता था।

झगड़े के बाद पत्नी ने उठाया था आत्मघाती कदम

घटना वाले दिन दंपती के बीच किसी बात को लेकर फिर से बहस हो गई। झगड़े के दौरान पत्नी ने पति से कहा कि यदि वह उसकी बात नहीं सुनेगा, तो वह आत्महत्या कर लेगी। इस पर पति ने गुस्से में कहा कि ‘जो करना है करो’ और वह अपने भाई से मिलने के लिए घर से बाहर चला गया। इसके बाद महिला ने अपने मामा से इस बारे में बात की और आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया था, जिस पर सुनवाई करते हुए अब हाईकोर्ट ने आरोपी को जमानत प्रदान कर दी है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News