यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए साथ आएंगे ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद, संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में होगी घोषणा

Share

- Advertisement -

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने गठबंधन करने का फैसला किया है। दोनों नेता बृहस्पतिवार को लखनऊ में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस गठबंधन और सीट बंटवारे से जुड़े औपचारिक विवरण साझा करेंगे।

उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। दोनों दलों के नेताओं ने इस गठबंधन की पुष्टि की है और बृहस्पतिवार को लखनऊ में एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।

एआईएमआईएम के प्रवक्ता शादाब चौहान ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व वाली आजाद समाज पार्टी और ओवैसी की एआईएमआईएम आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन के स्वरूप और अन्य महत्वपूर्ण विवरणों की जानकारी दोनों नेताओं की संयुक्त प्रेसवार्ता में दी जाएगी।

गठबंधन के नाम और सीट बंटवारे को लेकर चर्चा

बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच करीब ढाई घंटे तक बैठक चली, जिसमें चुनाव की रणनीति और प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। जानकारी के अनुसार, इस गठबंधन का नाम ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ रखे जाने और चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन का चेहरा एवं मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने पर सहमति बनी है।

इसके साथ ही गठबंधन के तहत करीब 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की चर्चा है, जिसमें 100 सीटों पर आजाद समाज पार्टी और 50 सीटों पर एआईएमआईएम अपने उम्मीदवार उतार सकती है। हालांकि, इन आंकड़ों और नाम की औपचारिक पुष्टि संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में ही होगी। इसके अलावा, 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में आयोजित होने वाली रैली में असदुद्दीन ओवैसी के शामिल होने की बात भी कही जा रही है।

चंद्रशेखर आजाद ने वंचित वर्गों को मजबूत करने की कही बात

गठबंधन की तैयारियों के बीच चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी बुधवार को अलग-अलग लखनऊ पहुंचे। गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा, “जो भी है, आपके सामने आ जाएगा।” आजाद ने स्पष्ट किया कि उनका मुख्य प्रयास युवाओं, किसानों तथा कमजोर और वंचित वर्गों को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि गरीबों के अधिकारों के हनन को रोकने के लिए जो भी आवश्यक कदम होंगे, वे उठाए जाएंगे।

सपा और कांग्रेस से बात न बनने के बाद बना तीसरा मोर्चा

फिलहाल इस गठबंधन में अन्य छोटे राजनीतिक दलों के शामिल होने की संभावना पर स्थिति स्पष्ट नहीं है। यह नया राजनीतिक समीकरण ऐसे समय में सामने आया है, जब समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के विपक्षी गठबंधन में एआईएमआईएम को शामिल करने के ओवैसी के प्रस्ताव पर कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई थी।

ओवैसी ने दोनों दलों को इस विषय पर निर्णय लेने के लिए दो अक्टूबर तक का समय दिया था, लेकिन कोई सकारात्मक जवाब न मिलने के बाद अब एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी ने साथ आने का निर्णय लिया है। इसे प्रदेश में दलित और अल्पसंख्यक मतदाताओं को साधने तथा एक तीसरे मोर्चे के गठन की पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Read more

Related News