National News: कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी की किताब में अन्ना आंदोलन को लेकर किए गए दावों पर सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने कड़ी नाराजगी जताई है। अन्ना ने स्पष्ट किया कि उनका भारतीय जनता पार्टी या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति को बिना मिले और बिना आधार के ऐसी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।
कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) में किए गए दावों को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है। इस किताब में अन्ना आंदोलन को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का गुप्त समर्थन होने की बात कही गई है, जिस पर सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। अन्ना हजारे ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि जिम्मेदार व्यक्ति को जिम्मेदारी के साथ बात करनी चाहिए।
बिना मिले टिप्पणी करना उचित नहीं: अन्ना हजारे
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि वर्ष 2012 में महाराष्ट्र के जाने-माने कार्यकर्ता बाबूराव ‘अन्ना’ हजारे ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ नामक आंदोलन का मुख्य चेहरा बनकर उभरे थे और इस आंदोलन में शामिल कुछ प्रमुख लोगों ने बाद में कहा कि भाजपा व आरएसएस ने इसे पर्दे के पीछे से आयोजित कर समर्थन दिया था।
इस पर पलटवार करते हुए अन्ना हजारे ने कहा कि यह दावा पूरी तरह गलत है और उनका भाजपा या आरएसएस से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि वह न तो उनके कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हैं और न ही किसी राजनीतिक दल से उनका कोई संबंध है। अन्ना ने कहा कि वह जो भी करते हैं, समाज और देश की भलाई के लिए करते हैं और उनके लिए देश ही प्राथमिकता है। 2014 के लोकसभा चुनाव में मनमोहन सिंह सरकार की हार के लिए अपने आंदोलन को जिम्मेदार ठहराने के दावे पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इस बात का क्या आधार है। सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए अन्ना ने कहा कि न तो वह उनसे कभी मिली हैं और न ही उन्होंने आज तक सोनिया से मुलाकात की है, ऐसे में एक-दूसरे से मिले बिना टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अस्पष्ट तरीके से बोलने से संबंधित व्यक्ति की छवि खराब होती है और इंसान जैसा चश्मा पहनता है, दुनिया उसे उसी रंग की दिखाई देती है।
भाजपा का हमला, ‘सुपर पीएम’ बनने का लगाया आरोप
सोनिया गांधी की किताब के अंश सामने आने के बाद भाजपा ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने ‘सुपर प्रधानमंत्री’ बनने के लिए प्रधानमंत्री का पद छोड़ा था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दुनिया में त्याग का ऐसा कोई दूसरा उदाहरण नहीं मिलेगा, जहां प्रधानमंत्री पद छोड़कर कैबिनेट मंत्री का दर्जा और लाभ का पद स्वीकार किया गया हो।
सुधांशु त्रिवेदी ने आगे कहा कि राष्ट्रीय सलाहकार परिषद (NAC) का अध्यक्ष पद और कैबिनेट मंत्री का दर्जा हासिल करने के बाद जब लाभ के पद को लेकर विवाद खड़ा हुआ, तो सोनिया गांधी को इस्तीफा देना पड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के बाद उनके लौटने से पहले मनमोहन सिंह सरकार ने नियम बदलकर राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के अध्यक्ष पद को लाभ के पद के दायरे से बाहर कर दिया। भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि सोनिया गांधी वास्तव में प्रधानमंत्री बनना चाहती थीं।
किताब पर बनेगी तेलुगु फिल्म, 2 करोड़ रुपये के योगदान का ऐलान
इस राजनीतिक विवाद के बीच तेलंगाना कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जग्गा रेड्डी ने घोषणा की है कि सोनिया गांधी के जीवन पर एक तेलुगु फिल्म बनाई जाएगी, जो इसी किताब पर आधारित होगी। जग्गा रेड्डी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से इस फिल्म के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया है। उनके इस आह्वान के दौरान संगारेड्डी निर्वाचन क्षेत्र के कांग्रेस संयोजक जुलकांति आंजनेयुलु ने फिल्म निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये का योगदान देने का ऐलान किया। इसके साथ ही जग्गा रेड्डी ने फिल्म के निर्माण कार्यों की देखरेख के लिए 50 सदस्यीय एक समिति गठित करने का भी प्रस्ताव रखा है।