रामपुर में सीआरपीएफ कैंप हमले के पूर्व आरोपी मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या, थाने से 300 मीटर दूर वारदात

Share

- Advertisement -

Uttar Pradesh Crime: रामपुर के बहुचर्चित 2007 सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर आतंकी हमले के मामले में सत्र न्यायालय से पूर्व में फांसी की सजा पाए और बाद में हाईकोर्ट से बरी हुए मोहम्मद शरीफ (53) की मंगलवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात खजुरिया थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर हुई, जब वह अपने बेटे के साथ बाइक से घर लौट रहा था। पुलिस की नाक के नीचे हुई इस घटना के बाद खुफिया और सुरक्षा तंत्र अलर्ट पर है।

खजुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम अकिलपुर उर्फ बदनपुरी निवासी मोहम्मद शरीफ खां मंगलवार शाम थाने में पुलिस वेरिफिकेशन और हाजिरी के बाद अपने बेटे मोहम्मद वाहिद के साथ बाइक पर पीछे बैठकर घर लौट रहा था। थाने से लगभग 300 मीटर की दूरी पर पहुंचते ही पीछे से आए एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ चार गोलियां दाग दीं। गोलियां लगते ही शरीफ लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि हमलावर वारदात को अंजाम देकर गोधी गांव की ओर फरार हो गए।

परिजनों ने लगाया पुलिस पर गंभीर आरोप

वारदात के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने भारी हंगामा किया। मृतक के भाई मोहम्मद शाहीन खां और बेटे वाहिद का आरोप है कि खजुरिया थाने के एक सिपाही ने दिनभर में कई बार फोन कर शरीफ को थाने बुलवाया था। जब शरीफ थाने पहुंचा तो थाना प्रभारी मौजूद नहीं थे, जिसके बाद वह सिपाही और एक दरोगा के सामने पेश होकर लौट रहा था। परिजनों ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए आरोप लगाया कि पुलिस ने घायल शरीफ को रुद्रपुर के उच्च अस्पताल ले जाने से रोका और स्थानीय सीएचसी ले आई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। ग्राम प्रधान गुरविंदर सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग की।

सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर खड़े हुए सवाल

थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर बेखौफ बदमाशों द्वारा दिनदहाड़े फायरिंग कर फरार हो जाने की घटना ने स्थानीय पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही सीओ पीपी सिंह सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराया। पुलिस और खुफिया एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं। शुरुआती जांच में पुलिस दो मुख्य बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है—पहला, सीआरपीएफ आतंकी हमले से जुड़ा कोई पुराना बदला और दूसरा, कोई स्थानीय या पारिवारिक रंजिश। हालांकि बेटे वाहिद के अनुसार उनकी किसी से कोई सीधी रंजिश नहीं थी।

सीआरपीएफ कैंप हमले में हुई थी फांसी, हाईकोर्ट ने किया था बरी

रामपुर में 2007-08 में सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर हुए आतंकी हमले के मामले में सिविल लाइंस कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। रामपुर की सत्र अदालत (एडीजे तृतीय) ने शरीफ समेत चार आरोपियों को मृत्युदंड की सजा सुनाई थी। हालांकि, इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपील के बाद अदालत ने साक्ष्यों और गवाहियों में खामियों के आधार पर हमले के मुख्य आरोपों से शरीफ को बरी कर दिया था।

हाईकोर्ट ने केवल आर्म्स एक्ट के तहत उसकी दोषसिद्धि बरकरार रखी थी, जिसकी सजा पूरी करने के बाद वह करीब एक साल पहले बरेली सेंट्रल जेल से रिहा होकर घर लौटा था। थाने के पास हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News