छठ पूजा पर यात्रियों को राहत, 12 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें शुरू; कई रूटों पर बढ़ेंगे अतिरिक्त कोच

Share

- Advertisement -

Uttar Pradesh News: छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं। मुरादाबाद रेल मंडल से 12 जोड़ी विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है, जबकि 96 जोड़ी विशेष ट्रेनें मंडल से होकर गुजर रही हैं। इसके अलावा कई प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं और स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

छठ महापर्व के अवसर पर ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। रेल प्रबंधन ने 12 जोड़ी विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है, जबकि 96 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें मुरादाबाद रेल मंडल मुख्यालय से होकर गुजर रही हैं। यात्रियों की अतिरिक्त मांग को देखते हुए लखनऊ एसी सुपरफास्ट समेत कई गाड़ियों में अतिरिक्त कोच बढ़ाए गए हैं।

रेलवे प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 12429 लखनऊ-नई दिल्ली एसी सुपरफास्ट में 11 से 16 नवंबर तक और गाड़ी संख्या 12430 नई दिल्ली-लखनऊ एक्सप्रेस में 12 से 17 नवंबर तक एक अतिरिक्त एसी-थ्री स्लीपर कोच लगाया गया है।

प्रवर मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि यात्रियों की सहूलियत और भीड़ नियंत्रण के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त अनारक्षित व आरक्षित टिकट काउंटर खोले गए हैं, अतिरिक्त बुकिंग कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है और एटीवीएम मशीनों के साथ-साथ डिजिटल भुगतान के लिए क्यूआर कोड की व्यवस्था की गई है। प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित आवाजाही के लिए बैरिकेडिंग की गई है। यात्रियों के विश्राम के लिए मुरादाबाद, बरेली, रोजा और आलमबाग स्टेशनों पर विशेष होल्डिंग एरिया आरक्षित किए गए हैं।

प्रमुख नियमित व स्पेशल ट्रेनों में बढ़ाए गए कोच

यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न तिथियों में प्रमुख ट्रेनों में कोचों की संख्या बढ़ाई गई है:

  • 13009/10 योगनगरी ऋषिकेश-हावड़ा: 22 नवंबर (1 कोच)
  • 14207/08 मां बेल्हादेवी प्रतापगढ़-दिल्ली: 25 नवंबर (1 कोच)
  • 14205/06 अयोध्या कैंट-दिल्ली: 27 नवंबर (1 कोच)
  • 22420/19 आनंद विहार-गाजीपुर कैंट: 26 नवंबर (1 कोच)
  • 14235/36 वाराणसी-बरेली: 25 नवंबर (1 कोच)
  • 14624/23 छेहर्टा-वाराणसी: 25 नवंबर (1 कोच)
  • 22199/00 ग्वालियर-बलरामपुर: 25 नवंबर (2-1 कोच)
  • 14308/07 बरेली-प्रयागराज: 30 नवंबर (1 कोच)
  • 20939/40 साबरमती-सुलतानपुर: 25 नवंबर (1-1 कोच)
  • 20963/64 साबरमती-वाराणसी: 28 नवंबर (1-1 कोच)
  • 15624/23 भगत की कोठी-कामाख्या: 01 दिसंबर (1 कोच)
  • 15622/21 आनंद विहार-कामाख्या: 27 नवंबर (1 कोच)
  • 15656/55 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-कामाख्या: 02 दिसंबर (1 कोच)
  • 12035/36 पूर्णागिरी जनशताब्दी-दिल्ली: रोजाना (4-1 कोच)
  • 04014/13 आनंद विहार-लखनऊ: 13 नवंबर (1 कोच)
  • 04028/27 आनंद विहार-मुजफ्फरपुर: 13 नवंबर (1-1 कोच)
  • 04209/10 वाराणसी-दिल्ली: 13 नवंबर (2 कोच)
  • 04616/15 फिरोजपुर-पटना: 10 नवंबर (2 कोच)
  • 04668/67 अमृतसर-बरौनी: 15 नवंबर (2 कोच)

बिहार रूट पर नई स्पेशल ट्रेनें, नियमित गाड़ियों पर घटेगा दबाव

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) सुमित कुमार ने बताया कि छपरा से बिलासपुर और बरौनी से चंडीगढ़ के लिए विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं:

  • गाड़ी संख्या 08255 (बिलासपुर-छपरा): 14 और 21 नवंबर को शाम 6:00 बजे बिलासपुर से रवाना होकर पेंड्रा रोड, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी होते हुए अगले दिन सुबह वाराणसी कैंट पहुंचेगी। इसके बाद जौनपुर, औड़िहार, गाजीपुर सिटी और बलिया होते हुए दोपहर 2:40 बजे छपरा पहुंचेगी।
  • गाड़ी संख्या 08256 (छपरा-बिलासपुर): वापसी में 15 और 22 नवंबर को शाम 5:25 बजे छपरा से चलकर रात 10:30 बजे वाराणसी कैंट पहुंचेगी और वहां से बिलासपुर जाएगी।
  • गाड़ी संख्या 04537 स्पेशल: 12 नवंबर को बरौनी से सुबह 6:30 बजे चलकर शाम 5:35 बजे वाराणसी कैंट पहुंचेगी।

पूजा के बाद वापसी के लिए तीन जोड़ी गाड़ियों के फेरे बढ़े

त्योहार के बाद लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 3 जोड़ी विशेष ट्रेनों के फेरों में विस्तार किया है:

  • 01051/01052 एलटीटी-बनारस-एलटीटी: एलटीटी से 25 व 26 नवंबर और बनारस से 26 व 27 नवंबर को अतिरिक्त फेरे चलेंगे।
  • 01123/01124 एलटीटी-मऊ-एलटीटी: एलटीटी से 22 व 27 नवंबर और मऊ से 24 व 29 नवंबर को रवाना होगी।
  • 01431/01432 हडपसर-गाजीपुर सिटी-हडपसर: हडपसर से 24 व 27 नवंबर और गाजीपुर सिटी से 26 व 29 नवंबर को अतिरिक्त फेरों के साथ संचालित की जाएगी।
Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News