कांगड़ा में पड़ोसी की दुधारू गाय चुराकर 15 हजार में बेची, सीसीटीवी फुटेज से आरोपी गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पड़ोसी की दुधारू गाय चुराकर सोशल मीडिया के जरिए बेचने का मामला सामने आया है। आलमपुर पुलिस चौकी के तहत गंदड़ गांव में हुई इस वारदात की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

खेत से गायब हुई थी गाय, दो दिन बाद दर्ज हुई शिकायत

पुलिस के अनुसार गंदड़ निवासी अमित शर्मा ने 25 सितंबर को अपनी दुधारू गाय खेत में बांधी थी। शाम को जब वह पहुंचे तो गाय गायब मिली। दो दिन तक निजी स्तर पर तलाश करने के बाद 27 सितंबर को उन्होंने आलमपुर चौकी में आधिकारिक शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू की।

जांच टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो एक टेंपो में गाय को ले जाते देखा गया। इसके आधार पर पुलिस ने हमीरपुर क्षेत्र से गाय को सुरक्षित बरामद कर मालिक को सौंप दिया। वाहन चालक विशाल और बंटी ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने 15 हजार रुपये में यह गाय खरीदी थी।

सोशल मीडिया से तय हुआ सौदा, नकदी बरामद

चालकों ने खुलासा किया कि आरोपी राज ऋषि उर्फ रिशू ने सोशल मीडिया के जरिए उनसे संपर्क कर यह सौदा तय किया था। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी राज ऋषि को धर दबोचा। आरोपी के पास से गाय बिक्री की रकम में से छह हजार रुपये नकद बरामद कर लिए गए हैं।

बैजनाथ के डीएसपी संदीप शर्मा ने बताया कि शेष 9 हजार रुपये की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। पुलिस आरोपी के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित पशु चोरी की घटनाओं की भी गहराई से पड़ताल कर रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News