Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में मंदिर परिसर में सो रहे दो साधुओं की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बदमाशों ने हत्या के बाद दोनों के शवों को बिस्तर पर ही जला दिया। उधर, एटा जिले में भी एक मंदिर के पुजारी का सिर ईंट से कुचलकर मार डालने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है।
शाहजहांपुर जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र स्थित सूथा गांव में यह दिल दहला देने वाली वारदात हुई। यहां मंदिर में सो रहे साधु गोपाल दास और बिहारी दास पर हमला हुआ। दोनों के जले हुए शव उनके बिस्तरों पर मिले। इस डबल मर्डर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे।
पुलिस की शुरुआती जांच में मंदिर की प्रॉपर्टी से जुड़ा विवाद हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। मामले में पुलिस टीम ने गांव के ही एक स्थानीय ग्रामीण को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारी उससे लगातार पूछताछ कर रहे हैं ताकि पूरे मर्डर केस की सच्चाई जल्द सामने आ सके।
एटा में मंदिर के बाहर पुजारी का खून से लथपथ शव मिला
उधर, एटा के निधौली कलां थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में मंदिर के पुजारी भोजराज की हत्या कर दी गई। कई वर्षों से मंदिर में रह रहे पुजारी का खून से लथपथ शव परिसर के बाहर मिला। अज्ञात हमलावरों ने ईंट से चेहरा और सिर कुचलकर उनकी जान ली, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
वारदात की सूचना पाकर एसएसपी डॉ. इलामारन जी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके से अहम सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल भेजकर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, हालांकि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।