हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति में पांगी-उदयपुर मार्ग पर बड़ा हादसा, टाटा सूमो पर पहाड़ गिरने से भारी नुकसान की आशंका

Share

- Advertisement -

Lahaul Spiti News: हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति जिले के पांगी-उदयपुर मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा हुआ है। कुडूनाला के पास पहाड़ी से अचानक बड़ी चट्टानें चलती टाटा सूमो गाड़ी पर गिर गईं। इस दुर्घटना में कुछ लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। घटना की पुष्टि के बाद लाहौल स्पीति पुलिस की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हो चुकी है।

कुडूनाला के पास लैंडस्लाइड की चपेट में आई पैसेंजर गाड़ी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना लाहौल घाटी से लगभग 60 से 70 किलोमीटर दूर कुडूनाला के पास घटी। उदयपुर-किलाड़ मार्ग बंद होने के कारण गाड़ी में सवार सभी यात्री पहले तिंदी में ठहरे हुए थे। रास्ता खुलते ही यात्री पांगी की तरफ आगे बढ़े थे। तभी अचानक पहाड़ी से चट्टानें गिर गईं और गाड़ी मलबे में दब गई।

प्रशासन ने बचाव दल भेजा, पांगी घाटी के थे यात्री

हादसे में मृतकों की संख्या और पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। बताया जा रहा है कि गाड़ी में सवार सभी यात्री पांगी घाटी के थे। भरमौर के विधायक जनक राज ने चम्बा और लाहौल स्पीति जिलाधीशों से राहत कार्य तेज करने का आग्रह किया है। पुलिस और बचाव टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई है।

लाहौल स्पीति की डीएसपी रश्मी शर्मा ने इस हादसे के संबंध में जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि अभी केवल दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस टीम तुरंत घटना स्थल के लिए रवाना कर दी गई है। मौके पर पहुंचने के बाद ही स्थिति और नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News