सजा के एलान से पहले निखिल गुप्ता ने अमेरिकी जज को लिखा पत्र, मांगी माफी और जताया पछतावा

Share

- Advertisement -

America News: अमेरिका में हत्या के प्रयास की साजिश के मामले में मुकदमे का सामना कर रहे भारतीय मूल के निखिल गुप्ता को 20 नवंबर को सजा सुनाई जाएगी। इससे पहले उन्होंने अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज विक्टर मारेरो को पत्र लिखकर माफी मांगी है और अपने अपराध पर गहरा पछतावा जताया है। पत्र में उन्होंने गिरफ्तारी के बाद की मानसिक उथल-पुथल और पारिवारिक चिंता का भी जिक्र किया है।

अमेरिका में हत्या के प्रयास के मामले में दोषी ठहराए गए भारतीय मूल के निखिल गुप्ता की सजा का एलान आगामी 20 नवंबर को होना है। सजा सुनाए जाने से ठीक पहले निखिल गुप्ता ने अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज विक्टर मारेरो (Victor Marrero) को एक पत्र लिखकर अपने किए पर गहरा पछतावा जताया है और माफी मांगी है। इस पत्र में उन्होंने अपनी गिरफ्तारी के बाद की मानसिक स्थिति और निजी संघर्षों का भी विस्तार से उल्लेख किया है।

पत्र में क्या लिखा निखिल गुप्ता ने?

निखिल गुप्ता ने जज को लिखे पत्र में स्वीकार किया कि साल 2023 की शुरुआत में वह जो इंसान बन गया था, उसे वह खुद भी पहचान नहीं पा रहा था। उन्होंने लिखा, ‘मेरा मानसिक संतुलन बिगड़ गया था… काश मैं समय को पीछे ले जाकर 2023 में अपनी गलतियों को सुधार पाता।’

हिरासत के शुरुआती दिनों की कठिनाइयों को साझा करते हुए निखिल ने लिखा, ‘उस समय मेरे सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने परिवार से संपर्क करने की थी, ताकि उन्हें बता सकूं कि मैं जिंदा हूं और उन्हें हालात की जानकारी दे सकूं। लेकिन, अमेरिकी कानून तोड़ने वाले के रूप में मुझ पर लगी कई पाबंदियों की वजह से मैं कई हफ्तों तक ऐसा नहीं कर सका।’ पत्र के अंत में निखिल ने कहा कि अदालत जो भी फैसला सुनाएगी, वह उसे पूरी तरह स्वीकार करेगा।

निजी संघर्ष और परिवार को लेकर जताई चिंता

पत्र में निखिल गुप्ता ने खुलासा किया कि अत्यधिक शराब पीने और निजी जीवन के संघर्षों के कारण उनकी सोचने-समझने की क्षमता बुरी तरह प्रभावित हो गई थी। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए जाने के शुरुआती दिनों में उनके मन में आत्महत्या के गंभीर विचार आते थे। निखिल के मुताबिक, उन्हें लगातार इस बात की चिंता सताती थी कि उनके इस कदम से उनकी पत्नी, बच्चों, मां, पूरे परिवार और उनकी दो पालतू बिल्लियों को कितना गहरा दुख पहुंचा है।

अभियोजकों ने पन्नू के लिए मांगा 20 मिनट का समय

20 नवंबर को होने वाली सजा की सुनवाई से पहले अदालत में कई महत्वपूर्ण कानूनी दस्तावेज दाखिल किए गए हैं। इसी क्रम में हाल ही में संघीय अभियोजकों (फेडरल प्रॉसिक्यूटर्स) ने अदालत से विशेष अनुरोध किया है कि इस साजिश के निशाने पर रहे गुरपतवंत सिंह पन्नू को सुनवाई के दौरान सीधे अदालत में अपनी बात रखने के लिए 20 मिनट का समय दिया जाए।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News