Dharamshala News: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में बीए अंतिम वर्ष की छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई है। परिजनों ने राजकीय डिग्री कॉलेज धर्मशाला की एक महिला अध्यापिका पर छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
धर्मशाला में शिव मंदिर रोड के पास बीए अंतिम वर्ष की एक छात्रा का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने राजकीय डिग्री कॉलेज धर्मशाला की एक महिला अध्यापिका के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि संबंधित अध्यापिका की प्रताड़ना के कारण छात्रा पिछले कुछ समय से भारी मानसिक तनाव में थी।
क्या है पूरा मामला?
परिजनों के मुताबिक, 13 नवंबर की सुबह करीब सात बजे उन्हें छात्रा की मौत की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जानकारी सामने आ रही है कि छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। इस घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर संबंधित अध्यापिका के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे जांच का मुख्य हिस्सा बनाया गया है।
पुलिस प्रशासन का पक्ष
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर छात्रा की मौत के असली कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल महिला अध्यापिका पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।