हिमाचल प्रदेश के मंडी में 23 ग्राम चिट्टे के साथ फौजी जवान गिरफ्तार, पुलिस ने कार सहित दबोचा

Share

- Advertisement -

Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पुलिस ने 30 साल के एक फौजी जवान को चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। जोगिंद्रनगर और पधर पुलिस की संयुक्त टीम ने नाकाबंदी के दौरान मंडी-पठानकोट हाईवे पर आरोपी को कार समेत पकड़ा। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 23 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी मंडी जिले के धर्मपुर स्थित तनेहड़ गांव का रहने वाला सतीश कुमार है। आरोपी भारतीय सेना में कार्यरत है और काफी समय से जोगिंद्रनगर उपमंडल में नशा सप्लाई करने के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। पुलिस टीम काफी समय से उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए थी।

गुरुवार देर रात पुलिस ने पधर के पास नाकाबंदी कर आरोपी की कार को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से 23 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पधर थाने पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी जवान के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह नशा कहां से लाया गया था। आरोपी के पिता हिमाचल पुलिस से सेवानिवृत्त बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News