Gwalior News: दीपावली के त्योहार पर ऑनलाइन ऑफर्स और ग्रीटिंग्स की आड़ में सक्रिय साइबर ठगों को लेकर ग्वालियर पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। ठग फर्जी डिस्काउंट लिंक और एपीके (APK) फाइलों के जरिए मोबाइल हैक कर बैंक खाते खाली कर रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से अनजान लिंक और फाइलें डाउनलोड न करने की अपील की है।
दीपावली पर्व के मद्देनजर बाजारों में खरीदारी तेज होने के साथ ही साइबर अपराधियों का गिरोह भी सक्रिय हो गया है। त्योहारी सीजन में डिस्काउंट, फ्री गिफ्ट और कैशबैक के नाम पर लोगों को वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार बनाया जा रहा है। ग्वालियर पुलिस ने आमजन को सतर्क रहने के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। आगामी दिनों में बैंक अवकाश होने के कारण ठगी की स्थिति में त्वरित खाता फ्रीज कराना भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
ग्रीटिंग्स के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल हैक
त्योहारों के दौरान वाट्सएप और अन्य इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर आकर्षक ऑफर, लकी ड्रा और शुभकामना संदेशों के नाम पर एपीके (एंड्रॉइड पैकेज किट) फाइलें भेजी जा रही हैं। ऐसी अनजान फाइलों को फोन में इंस्टॉल करते ही साइबर ठगों को डिवाइस का रिमोट एक्सेस हासिल हो जाता है। इसके जरिए मोबाइल हैक कर बैंक खातों, क्रेडिट कार्ड और ई-वॉलेट से धनराशि ट्रांसफर कर ली जाती है।
हाल ही में ग्वालियर के गोला का मंदिर निवासी धर्मेंद्र शर्मा के साथ इसी तरह 13 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसकी शिकायत साइबर हेल्पलाइन में दर्ज कराई गई है।
फर्जी लिंक और क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने का झांसा
ठग मैसेज और ई-मेल पर लुभावने लिंक भेजकर फर्जी वेबसाइट्स पर रीडायरेक्ट करते हैं। इसके अलावा क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने या बिना कागजी प्रक्रिया के तुरंत लोन स्वीकृत कराने का लालच देकर लोगों से ओटीपी, यूपीआई पिन और सीवीवी जैसी गोपनीय वित्तीय जानकारियां हासिल कर ली जाती हैं।
राज्य साइबर सेल के डीएसपी संजीव नयन शर्मा के अनुसार, त्योहारों के समय एपीके फाइल के जरिए ठगी के मामलों में तेजी आती है। पिछले वर्ष भी दीपावली के दौरान ऐसी कई घटनाएं दर्ज की गई थीं, जिसको देखते हुए इस बार नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने जारी किए सुरक्षा निर्देश
- वाट्सएप या सोशल मीडिया पर अनजान नंबर से आए ग्रीटिंग कार्ड अथवा शुभकामना संदेश के साथ संलग्न एपीके (.apk) फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें।
- अनजान लिंक, डिस्काउंट ऑफर और लॉटरी के मैसेज पर क्लिक करने से बचें।
- अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, सीवीवी या नेट बैंकिंग पासवर्ड किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें।
- कोई भी बैंक या वित्तीय संस्थान फोन कॉल अथवा मैसेज पर गोपनीय वित्तीय विवरण नहीं मांगता।
- किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या वित्तीय ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।