Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में पिता की हैवानियत का शिकार बने छह साल के मासूम का 18 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। शराब के नशे में आरोपी पिता ने विवाद के बाद बच्चे को उफनती रावी नदी में फेंक दिया था। पुलिस और परिजन लगातार तलाश में जुटे हैं।
यह दर्दनाक घटना 10 अगस्त को परेल पुल पर घटी थी। आरोपी हितेश का अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। पत्नी के मायके में होने के दौरान हितेश ने फोन पर झगड़ा किया। इसके बाद गुस्से में आकर उसने अपने मासूम बेटे को पुल से तेज बहाव वाली नदी में फेंक दिया।
उफनती रावी नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही पुलिस
घटना के बाद आरोपी पिता ने खुद पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया था, जिसके बाद कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं दूसरी तरफ पुलिस और गोताखोरों की टीमें लगातार रावी के किनारों पर बच्चे की तलाश कर रही हैं, लेकिन तेज बहाव और जलस्तर अभियान में बाधा बन रहा है।
चम्बा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस और रेस्क्यू टीमें रावी नदी के विभिन्न हिस्सों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। कई दिन बीत जाने के बावजूद बच्चे का पता नहीं चल सका है, लेकिन पुलिस का तलाशी अभियान आगे भी जारी रहेगा।