Osaka News: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने जापान के ओसाका में प्रमुख कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत और जापान के बीच औद्योगिक सहयोग को मजबूत करना और सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, एल्युमीनियम तथा स्पोर्ट्स मैन्युफैक्चरिंग में बड़ा जापानी निवेश आकर्षित करना है।
सेमीकंडक्टर और एल्युमीनियम सेक्टर में सहयोग पर जोर
पीयूष गोयल ने रोम कंपनी लिमिटेड (ROHM) के प्रमुख कात्सुमी अज़ुमा से मिलकर सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने डाइकी एल्युमीनियम के चेयरमैन ताकाकी यामामोटो से मुलाकात कर भारत के बढ़ते मैन्युफैक्चरिंग बेस और सप्लाई-चेन हब के रूप में उभरती संभावनाओं का लाभ उठाने पर बात की।
पेंट और स्पोर्ट्स इंडस्ट्री में साझेदारी की संभावनाएं
केंद्रीय मंत्री ने निप्पॉन पेंट होल्डिंग्स के सह-अध्यक्ष युइचिरो वाकात्सुकी और मिजुनो कॉर्पोरेशन के प्रेसिडेंट अकिटो मिज़ुनो से भी अलग-अलग बैठकें कीं। इन चर्चाओं में भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार, पेंट कोटिंग्स, स्पोर्ट्स गियर और फुटवियर सेगमेंट में नई तकनीकों और बड़े निवेश के अवसरों पर विशेष सहमति बनी।
गोयल की यात्रा के चौथे दिन दोनों देशों की स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप को गति मिली। सरकारी आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में भारत-जापान द्विपक्षीय व्यापार 27.47 अरब डॉलर रहा। इसमें भारत का आयात 21.43 अरब डॉलर और जापान को निर्यात 6.04 अरब अमेरिकी डॉलर दर्ज किया गया।