Chamba News: चम्बा जिले के चुराह उपमंडल में 11वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और उसे बहला-फुसलाकर बद्दी में बेचने के मुख्य आरोपी शुभम ठाकुर को तीसा अदालत ने 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। कोर्ट में अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने आरोपी को वीरवार को कड़ी सुरक्षा के बीच तीसा अदालत में पेश किया था। यह मामला केवल शारीरिक शोषण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें नाबालिग को बहला-फुसलाकर दूसरे शहर ले जाने और वहां बेचने का गंभीर अपराध भी शामिल है। अदालत ने पुलिस की दलीलें सुनने के बाद रिमांड मंजूर किया।
बद्दी में जुड़े सिंडिकेट और खरीदार की पहचान करेगी पुलिस
रिमांड के दौरान तीसा पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करेगी। पुलिस यह पता लगा रही है कि बद्दी में आरोपी किन लोगों के संपर्क में था और इस घिनौने अपराध में कौन शामिल थे। इसके अलावा पीड़िता के मोबाइल फोन के इस्तेमाल और खरीदार की भी पहचान की जाएगी।
एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अदालत से आरोपी का 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल हुआ है। पुलिस आरोपी के पुराने रिकॉर्ड और कॉल डिटेल को खंगाल रही है, ताकि मानव तस्करी से जुड़े इस पूरे गिरोह की कड़ियों को बेनकाब किया जा सके।