New Delhi News: केंद्र सरकार ने आगामी त्योहारी सीजन में आम लोगों को राहत देने के लिए चीनी की स्टॉक सीमा घटा दी है। सरकार ने गुरुवार को डीलरों के पास चीनी रखने की अधिकतम सीमा घटाकर 1,000 क्विंटल तय कर दी। यह आदेश 15 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रभावी रहेगा।
नए नियम के तहत डीलर अब अधिकतम 15 दिनों तक का ही स्टॉक अपने पास रख सकेंगे। खाद्य मंत्रालय के अनुसार, 1 अक्टूबर से शुरू हुए नए चीनी सत्र में उपभोक्ताओं को उचित दाम पर चीनी उपलब्ध कराने और बाजार में जमाखोरी रोकने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
कोलकाता और असम के लिए तय हुई अलग सीमा
खाद्य मंत्रालय ने कोलकाता और असम के लिए विशेष जरूरतों को देखते हुए स्टॉक सीमा 2,000 क्विंटल निर्धारित की है। कोलकाता क्षेत्र उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक से चीनी खरीदकर पूर्वोत्तर राज्यों को आपूर्ति करता है। इसलिए भौगोलिक परिस्थितियों और परिवहन को ध्यान में रखकर यह ढील दी गई है।
मंत्रालय का मुख्य उद्देश्य आपूर्ति व्यवस्था में चीनी की निर्बाध आवाजाही बनाए रखना और डीलरों द्वारा सट्टेबाजी पर रोक लगाना है। सरकार के इस कदम से बाजार में कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिशों पर पूरी तरह से लगाम लगेगी और आम उपभोक्ताओं को निरंतर आपूर्ति मिलती रहेगी।
खुदरा कीमतों में 15 फीसदी तक दर्ज हुई गिरावट
मंत्रालय के अनुसार, चीनी का औसत खुदरा मूल्य अगस्त के उच्च स्तर की तुलना में अब तक 15 फीसदी घट चुका है। वहीं मिलों में कीमतें करीब 28 प्रतिशत तक कम हुई हैं और पिछले तीन हफ्तों से स्थिर हैं। आने वाले दिनों में खुदरा भाव में और गिरावट की उम्मीद है।