Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद के सेक्टर-21सी में वियतनाम की एक सॉफ्टवेयर कंपनी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) परमजीत की हत्या के मामले में सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जांच में पता चला है कि आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा ने पुरानी मारपीट का बदला लेने के लिए परमजीत को घर से बाहर बुलाकर गोली मारी। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सेक्टर-21सी में वियतनाम की एक सॉफ्टवेयर कंपनी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) परमजीत धनखड़ की हत्या के मामले की जांच में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। इस वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिससे घटनाक्रम की कड़ियां जुड़ रही हैं।
जांच के अनुसार, आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा वारदात को अंजाम देने से पहले सोसायटी के बाहर से नाचते हुए तीसरी मंजिल पर स्थित अपने घर पहुंचा था। करीब पांच मिनट बाद वह पिस्टल और मैगजीन लेकर पहली मंजिल पर आया और घंटी बजाकर परमजीत को बाहर बुलाया। आरोपी ने भागने की पूरी तैयारी पहले ही कर ली थी और अपनी कार को परमजीत के घर के गेट के ठीक सामने चालू हालत में खड़ा छोड़ दिया था।
पुरानी मारपीट का बदला लेने के लिए की वारदात
प्रारंभिक जांच और दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत से पता चला है कि आरोपी मोनू शर्मा को पूर्व में परमजीत के दोस्तों ने पीट दिया था। इसी अपमान का बदला लेने के लिए आरोपी ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि जब मोनू ने पहली गोली चलाई, तो घायल होने के बावजूद परमजीत ने उसे पकड़कर नीचे गिरा दिया। इस संघर्ष के दौरान आरोपी की पिस्टल की मैगजीन खाली हो गई, लेकिन उसने दोबारा मैगजीन लोड की और परमजीत को उनकी मां के सामने ही चार गोलियां मार दीं।
वारदात से पहले दोनों के बीच हुई बातचीत
सामने आए विवरण और फुटेज के आधार पर घटना से ठीक पहले आरोपी मोहन और परमजीत के बीच हुई बातचीत इस प्रकार है:
- आरोपी मोनू: धनखड़ साहब, भाई साहब, जरा नीचे आएंगे। गाड़ी लगानी है यार एक बार। (आवाज सुनकर परमजीत और उनका बेटा बाहर आए)
- आरोपी मोनू: भैया आप विधवा समझते हो, विधवा क्या होती है?
- परमजीत: काम बताओ।
- आरोपी मोनू: मैंने आपसे एक बात पूछी है, विधवा क्या होती है?
- परमजीत: आप काम तो बताओ, क्या हो गया?
- आरोपी मोनू: आपने मुझे उस दिन दोस्तों से पिटवा दिया।
- परमजीत: मैंने आपको किसी से नहीं पिटवाया। हम बिल्कुल शांति से बैठे थे। आप अपनी बात करें।
- आरोपी मोनू: मुझे आपसे बात ही नहीं करनी है।
- परमजीत: जब बात नहीं करनी है तो बात ही खत्म हो गई।
इतना कहते ही आरोपी मोहन ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी देख परमजीत की मां ने चिल्लाते हुए कहा कि तूने यह क्या कर दिया, जिस पर आरोपी धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया।
मृतक के परिजनों को मिली पुलिस सुरक्षा
इस घटना के बाद पुलिस ने मृतक परमजीत के परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई है। परिजनों की सुरक्षा के लिए उनके आवास पर आधुनिक हथियारों से लैस दो पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा को रिमांड पर लेकर मामले की गहनता से पूछताछ कर रही है, जबकि आरोपी के घर पर ताला लगा हुआ है।