Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले स्थित कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के कतर्नियाघाट रेंज अंतर्गत नारायणताड़ा गांव में दो दिन पहले तेंदुए द्वारा एक युवक पर किए गए हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। तेंदुए की तलाश और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को वन विभाग ने राजकीय हथिनियों की मदद से इलाके में सघन कांबिंग अभियान चलाया। साथ ही वनकर्मियों की टीम भी क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 6 बजे नारायणताड़ा गांव में तेंदुए ने एक युवक पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। इस घटना के बाद से ही गांव और आसपास के इलाकों में भय व्याप्त था और ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की थी।
डीएफओ के निर्देश पर चलाया गया सर्च ऑपरेशन
ग्रामीणों की सुरक्षा और तेंदुए की लोकेशन ट्रेस करने के लिए प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अपूर्व दीक्षित के निर्देश पर गुरुवार दोपहर को वन विभाग की टीम ने राजकीय हथिनी ‘जयमाला’ और ‘चंपाकली’ की मदद से जंगल से सटे आबादी वाले इलाकों में कांबिंग कराई।
आबादी क्षेत्र की ओर रखी जा रही है कड़ी नजर: रेंजर
कतर्नियाघाट रेंज के रेंजर आशीष गौड़ ने बताया कि कांबिंग के दौरान वन दरोगा राधेश्याम, वन रक्षक संतोष, वाचर सुनील व संजय की टीम लगातार पेट्रोलिंग करती रही। उन्होंने कहा कि आबादी क्षेत्र की ओर वन विभाग की टीम द्वारा निरंतर कांबिंग की जा रही है और तेंदुए की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।