Hisar News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में मुस्लिम समुदाय की एक शादी के निमंत्रण पत्र पर दूल्हों के हिंदू नाम छपे होने को लेकर उठे विवाद के बाद अब हरियाणा के हिसार और जींद जिले के क्षेत्रों की चर्चा तेज हो गई है। इसी कड़ी में हिसार नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाला गांव ‘सातरोड खास’ सुर्खियों में है, जहां रहने वाले मुस्लिम परिवार में पीढ़ियों से हिंदू नाम रखने की अनूठी परंपरा चली आ रही है।
सहारनपुर में शादी के कार्ड को लेकर चर्चा और विवाद की जानकारी मिलने के बाद सातरोड खास के इस परिवार ने सावधानी बरतते हुए दुल्हन पक्ष को भी अपनी पारिवारिक परंपरा और पृष्ठभूमि के बारे में पूरी जानकारी दी। इसके बाद गुरुवार को हिसार से बारात पूरे उत्साह के साथ सहारनपुर के लिए रवाना हुई।
आजादी से पहले से गांव में बसे हैं दो मुस्लिम परिवार
परिवार के सदस्यों ने बताया कि उनके यहां हिंदू नाम रखने की यह परंपरा देश की आजादी से भी पहले से चली आ रही है। सातरोड खास गांव में मुस्लिम समाज के केवल दो परिवार निवास करते हैं, जो पीढ़ियों से यहां बसे हुए हैं। समय के साथ गांव में हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के बीच आपसी मेलजोल और भाईचारा बेहद मजबूत हुआ है। गांव में दोनों ही समुदायों के त्योहार मिल-जुलकर मनाए जाते हैं। परिवार के मुताबिक, नाम रखने को लेकर कभी कोई बंदिश नहीं रही और बच्चों के नाम परिवार की पसंद व पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार रखे जाते रहे हैं।
दादी मामकौर, मां मनहौरी देवी और बेटे का नाम अनिल
गांव के निवासी दो भाइयों— वीरू और नजीर खान ने अपनी पारिवारिक वंशावली साझा करते हुए बताया कि उनकी दादी का नाम मामकौर और दादा का नाम रौनक था। वहीं, उनकी मां का नाम माता मनहौरी देवी है। मनहौरी देवी ने बताया कि उनकी बहन जन्नत के बेटे अनिल की शादी है, जिसकी बारात सहारनपुर गई है।
परिवार में उनके अन्य भाई-बहनों के नाम भी हिंदू परंपरा के अनुसार ही रखे गए हैं। ग्रामीणों और परिवार का कहना है कि गांव में कभी भी इन नामों को लेकर किसी प्रकार का कोई विवाद या मतभेद नहीं हुआ। गांव के बड़े-बुजुर्ग भी इस बात की पुष्टि करते हैं कि इन परिवारों ने हमेशा सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश की है।