Delhi News: दीपावली के त्योहार को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने मेट्रो परिचालन के समय में बदलाव किया है। दीवाली के दिन सभी लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से आखिरी ट्रेन रात 10 बजे रवाना होगी। वहीं कुछ चुनिंदा लाइनों पर सुबह की सेवाएं निर्धारित समय से एक घंटा पहले, यानी सुबह 6 बजे से ही शुरू कर दी जाएंगी।
दीपावली के अवसर पर राजधानी दिल्ली में मेट्रो के परिचालन समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। त्योहार के दिन एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन सहित सभी मेट्रो कॉरिडोर के टर्मिनल स्टेशनों से अंतिम मेट्रो ट्रेन सेवा रात 10 बजे समाप्त हो जाएगी। सामान्य दिनों में अंतिम ट्रेन रात 11 बजे तक चलती है, लेकिन दीपावली की रात यह सेवा एक घंटा पहले ही बंद कर दी जाएगी।
सुबह कुछ लाइनों पर एक घंटा पहले शुरू होगी मेट्रो
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुबह के समय कुछ विशेष रूटों पर सेवाएं पहले शुरू की जाएंगी। पिंक लाइन (मजलिस पार्क-शिव विहार), मजेंटा लाइन (बॉटनिकल गार्डन-कृष्णा पार्क एक्सटेंशन व मजलिस पार्क-दीपाली चौक) और ग्रे लाइन (द्वारका काकरोला-ढांसा बस स्टैंड) पर रविवार को सामान्य दिनों में सेवाएं सुबह 7 बजे शुरू होती हैं। दीपावली के दिन इन लाइनों पर मेट्रो ट्रेनें एक घंटा पहले, यानी सुबह 6 बजे से ही चलने लगेंगी।
डीएमआरसी ने यात्रियों को दी यात्रा की योजना बनाने की सलाह
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने रात के समय यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों और त्योहार पर निकलने वाले लोगों से अपील की है कि वे बदले हुए समय को ध्यान में रखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं। डीएमआरसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि अधिक जानकारी और रियल-टाइम अपडेट के लिए यात्री आधिकारिक वेबसाइट और डीएमआरसी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल देख सकते हैं।