अलवर में गाड़ी को साइड देने के विवाद पर हमला, 50 से अधिक लोगों ने दो भाइयों को पीटा

Share

- Advertisement -

Alwar News: राजस्थान के अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र स्थित बहरीपुर गांव में गाड़ी को साइड देने को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान 50 से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों से एक परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र के बहरीपुर गांव में गाड़ी को साइड देने की बात पर शुरू हुई कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। जनाजे में शामिल होने जा रहे एक परिवार के वाहन को घेरकर 50 से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

खोहड़ा करमाली निवासी खुर्शीद खान के अनुसार, उनकी मामी के निधन के बाद परिवार के लोग अंतिम संस्कार (माटी देने) के लिए गाड़ी से टीकरी गांव जा रहे थे। बहरीपुर गांव के पास सड़क पर बड़ा गड्ढा होने के कारण गाड़ी चला रहे उनके भतीजे उन्नस (पुत्र कमरु) ने वाहन को किनारे से निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से आए एक बाइक सवार ने अपनी बाइक गाड़ी के आगे लगा दी और रास्ता रोक लिया।

फोन कर बुलाए 50 से अधिक लोग

रास्ता रोके जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि बाइक सवार युवक ने तत्काल फोन कर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में 50 से अधिक लोग लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और गाड़ी चला रहे उन्नस पर हमला बोल दिया।

इसी बीच उन्नस का सगा भाई मौसम भी पीछे से बाइक लेकर मौके पर पहुंचा। अपने भाई को घिरा देख जब उसने बीच-बचाव का प्रयास किया, तो हमलावरों ने उसे भी निशाना बना लिया। दोनों भाइयों को लाठियों से बेरहमी से पीटा गया, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। अचानक हुए हमले के कारण गाड़ी में सवार अन्य परिजन संभल नहीं सके।

प्राथमिक उपचार के बाद अलवर रेफर, जांच जारी

घटना की जानकारी मिलते ही नौगांवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायल भाइयों को तुरंत नौगांवा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है और तहरीर मिलते ही नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

Read more

Related News