एअर इंडिया की फ्रैंकफर्ट-दिल्ली फ्लाइट में हाईजैक का झूठा अलार्म, जयपुर डायवर्ट हुआ विमान; जांच शुरू

Share

- Advertisement -

0Jaipur News: एअर इंडिया की फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही फ्लाइट को बुधवार को अचानक जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। मुंबई एटीसी को विमान से हाईजैक का संकेत देने वाला कोड 7500 मिला था। हालांकि जांच में सब कुछ सामान्य निकला और सुरक्षा एजेंसियां मामले की पड़ताल कर रही हैं।

बोइंग 787-9 विमान में करीब 300 यात्री सवार थे। यह विमान वैकल्पिक लंबे रूट से भारतीय हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ था। तभी मुंबई एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को विमान के ट्रांसपोंडर से 7500 कोड का सिग्नल मिला। एविएशन नियमों के तहत यह कोड हाईजैकिंग या किसी गैर-कानूनी हस्तक्षेप के लिए तय है।

विमान में कोई खराबी नहीं मिली, प्रोटोकॉल के तहत जांच पूरी

मुंबई एटीसी को सिग्नल मिलते ही पायलटों से संपर्क साधा गया। क्रू मेंबर्स ने किसी भी प्रकार का अलर्ट कोड भेजने से इनकार किया और बताया कि फ्लाइट में सब सामान्य है। इसके बावजूद सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को तुरंत जयपुर की ओर मोड़ दिया गया।

जयपुर एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में विमान को खड़ा करके सभी यात्रियों और उनके सामान की सघन तलाशी ली गई। पूरी जांच के बाद कोई खतरा नहीं पाया गया। इसके बाद विमान को उसी क्रू के साथ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए उड़ान भरने की आधिकारिक अनुमति दे दी गई।

सीनियर पायलटों का मानना है कि ट्रांसपोंडर में गलती से 7500 कोड सेट होना नामुमकिन जैसा है, क्योंकि हर अंक हाथ से दर्ज करना पड़ता है। दूसरी ओर मुंबई एटीसी ने भी अपने आधुनिक सिस्टम में सॉफ्टवेयर ग्लिच से इनकार किया है। फिलहाल दोनों एजेंसियां असल वजह तलाशने में जुटी हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News