Jaipur News: एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 2030 में बम होने की आशंका के बाद हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियों को विमान में विस्फोटक उपकरण होने की सूचना मिली, जिसके बाद दिल्ली जा रहे इस विमान को एहतियातन जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर मोड़कर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सभी सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट पर आ गईं।
धमकी की जानकारी मिलते ही केबिन क्रू ने फौरन एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क साधा। सुरक्षा प्रोटोकॉल को देखते हुए विमान को निकटतम एयरपोर्ट पर उतारने का त्वरित फैसला लिया गया। अचानक हुए इस डायवर्जन से यात्रियों और उनके परिजनों में घबराहट फैल गई, लेकिन पायलट और क्रू मेंबर्स ने सूझबूझ से स्थिति संभाली।
आइसोलेशन बे में ले जाया गया विमान, बम निरोधक दस्ते ने की जांच
लैंडिंग के तुरंत बाद सीआईएसएफ, स्थानीय पुलिस और सुरक्षा दस्ते हरकत में आ गए। विमान को मुख्य एयरपोर्ट संचालन क्षेत्र से दूर एक सुरक्षित आइसोलेशन बे में ले जाया गया। सुरक्षा टीमों और बम निरोधक दस्ते ने विमान, यात्रियों और उनके सामान की गहन तलाशी शुरू कर दी ताकि खतरे की गंभीरता का पता चले।
अधिकारी इस बात की बारीकी से जांच कर रहे हैं कि विमान में सचमुच कोई विस्फोटक था या यह किसी की झूठी सूचना थी। फिलहाल धमकी के सटीक स्रोत और स्वरूप की पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है और सुरक्षा एजेंसियां विस्तृत जांच में जुटी हैं।
