Kangra News: देश के कई राज्यों में बढ़ते मामलों के बीच हिमाचल प्रदेश में भी एच1एन1 यानी स्वाइन फ्लू ने दस्तक दे दी है। प्रदेश के कांगड़ा जिले में स्वाइन फ्लू के 4 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें 7 महीने और एक साल का बच्चा शामिल है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है।
टांडा मेडिकल कॉलेज में पुष्टि के बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने सभी मेडिकल कॉलेजों और क्षेत्रीय अस्पतालों को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। शिमला, सोलन, मंडी, हमीरपुर और ऊना जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। ओपीडी में सर्दी-खांसी और बुखार के संदिग्ध मरीजों के रैंडम सैंपल लिए जा रहे हैं।
अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड तैयार, एडवाइजरी जारी
स्वास्थ्य विभाग ने जनता से लक्षण न छिपाने और भीड़भाड़ में मास्क पहनने की अपील की है। तेज बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में तकलीफ होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लेने और खुद दवा न खाने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड, वेंटिलेटर और जरूरी दवाइयां पूरी तरह तैयार हैं।