बेंगलुरु में स्विगी इंस्टामार्ट से ऑर्डर में फ्री मिला जहरीला धतूरा, कर्नाटक खाद्य सुरक्षा विभाग ने लाइसेंस किए सस्पेंड

Share

- Advertisement -

Bengaluru News: बेंगलुरु में ऑनलाइन सामान ऑर्डर करने वाली एक महिला को डिलीवरी पैकेट के साथ ‘फ्री गिफ्ट’ के रूप में जहरीला धतूरा मिलने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। महिला द्वारा वीडियो साझा किए जाने के बाद कर्नाटक खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन (KFSDA) ने तुरंत कड़ा एक्शन लिया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्विगी इंस्टामार्ट के साथ अमेजन और बिगबास्केट जैसी ई-कॉमर्स कंपनियों के फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं। इसके साथ ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर इस जहरीले फल की बिक्री पर तुरंत रोक लगाने का सख्त निर्देश जारी किया गया है।

नाइटशेड फैमिली का पौधा है धतूरा, उबालने पर भी नहीं घटता जहर

वैज्ञानिक दृष्टि से ‘थॉर्न एप्पल’ कहा जाने वाला धतूरा नाइटशेड परिवार का हिस्सा है। इसमें एट्रोपिन और स्कोपोलामाइन जैसे अत्यंत विषैले एल्कलॉइड्स पाए जाते हैं। धतूरे को पकाने या उबालने के बाद भी इसका जहर खत्म नहीं होता। चिकित्सीय देखरेख के बिना इसका सेवन सीधे तौर पर जानलेवा साबित हो सकता है।

धतूरा शरीर के नर्वस सिस्टम को तेजी से प्रभावित करता है। इसके शुरुआती लक्षणों में मुंह का सूखना, तेज प्यास, आंखों की पुतलियों का फैलना और धुंधला दिखना शामिल है। गंभीर स्थिति में मरीज को भ्रम होना, दौरे पड़ना, दिल की धड़कन का असामान्य होना और सांस लेने में भारी तकलीफ जैसी मेडिकल इमरजेंसी हो सकती है।

धतूरा खाने की स्थिति में तुरंत अस्पताल जाने की सलाह

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार गलती से धतूरा खा लेने पर उल्टी कराने या घरेलू नुस्खे अपनाने से बचना चाहिए। मरीज को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाना जरूरी है। डॉक्टरों की पहचान में मदद के लिए संबंधित फल या पौधे का हिस्सा साथ ले जाना चाहिए और पूजा के बाद हाथों को अच्छी तरह धोना चाहिए।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News