Shimla News: शिमला जिले के जुब्बल में पुलिस और स्थानीय निवासियों के प्रयास से बड़ा हादसा टल गया। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही पुलिस टीम ओल्ड जुब्बल पहुंची। वहां जयपीढ़ी माता मंदिर के पास गहरी खाई में फंसे एक व्यक्ति को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
दिनांक 18 और 19 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि आपातकालीन नंबर 112 से पुलिस को घटना की जानकारी मिली। इसके तुरंत बाद जुब्बल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर कठिन हालात में बचाव कार्य शुरू किया और पीड़ित को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद परिजन को सौंपा
बचाए गए व्यक्ति की पहचान जुब्बल निवासी इंद्र बखीरटा (34) के तौर पर हुई है। खाई में गिरने से उन्हें चोटें आई थीं। पुलिस ने उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल जुब्बल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें स्थानीय पंचायत प्रधान की मौजूदगी में सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया।
रामपुरी मेले से लौटते समय फिसला था पैर
इंद्र बखीरटा ने बताया कि वे जिला स्तरीय रामपुरी मेले से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वे गहरी खाई में जा गिरे और झाड़ियों में फंस गए। समय पर पुलिस और लोगों के पहुंचने से उनकी जान बच गई। स्थानीय लोग पुलिस की तत्परता की सराहना कर रहे हैं।