New Delhi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच फोन पर अहम बातचीत हुई है। इस दौरान दोनों नेताओं ने दोनों देशों के मजबूत रणनीतिक रिश्तों की समीक्षा की। साथ ही आतंकवाद के खिलाफ संयुक्त लड़ाई को और तेज करने के संकल्प को दोहराया गया।
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर इस बातचीत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई है। दोनों शीर्ष नेताओं ने पुराने संबंधों को आगे ले जाने पर अपनी सहमति जताई है।
नेतन्याहू ने पीएम मोदी को दिया विशेष निमंत्रण
बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी पोस्ट में बताया कि उन्होंने भारतीय प्रधानमंत्री को इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में आमंत्रित किया है। पीएम मोदी को वीर भारतीय पायलट स्मित मच्छर के साथ मिलकर आधिकारिक मशाल प्रज्वलित करने का न्योता दिया गया है, जो दोनों देशों के प्रगाढ़ संबंधों को दर्शाता है।
इस विशेष निमंत्रण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजरायली समकक्ष का आभार व्यक्त किया। पीएम मोदी ने बातचीत में कहा कि भारत और इजरायल जमीन और हवा दोनों जगह आतंकवाद से मिलकर मुकाबला कर रहे हैं। उन्होंने दोनों देशों की गहरी मित्रता और पुराने संबंधों की सराहना की।
