Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के बिंदकी नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां कजियाना मोहल्ले में 40 वर्षीय महिला की उसके ही कमरे में संदेहास्पद परिस्थितियों में करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
मृतका की पहचान 40 वर्षीय आश्मा खातून के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और कोई आवाज न आने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर महिला बेड और कूलर के बीच फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पास में ही स्थित मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
संतान न होने पर प्रताड़ित करने का आरोप
मृतका के भाई ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद क्षेत्राधिकारी और कोतवाली पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मायके पक्ष का आरोप है कि महिला के गले और चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। शादी के 20 साल बाद भी कोई बच्चा न होने के कारण ससुराल वाले उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी प्रियांक जैन ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला करंट लगने से मौत का लग रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।