Ranchi News: झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स की व्यवस्था एक बार फिर बारिश के कारण बेपटरी हो गई। अस्पताल परिसर में भारी जलभराव होने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलजमाव की वजह से पूरा परिसर टापू में तब्दील हो गया।
इमरजेंसी और ओपीडी के रास्ते पानी में डूबे
परिसर में पानी भरने से इमरजेंसी और ओपीडी जाने वाले रास्ते पूरी तरह प्रभावित हो गए। गंभीर मरीजों को तीमारदार गंदे पानी के बीच से निकालकर वार्डों तक पहुंचाते नजर आए। कई लोग स्ट्रेचर और व्हीलचेयर को जलभराव से खींचकर ले जा रहे थे जिससे डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को भी दिक्कत हुई।
इस घटना ने रिम्स प्रशासन और नगर निगम के जलनिकासी के दावों की हवा निकाल दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी सी बारिश में ही अस्पताल का यह हाल हो जाता है। ड्रेनेज सिस्टम ठीक न होने से अब अस्पताल परिसर में संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
अस्पताल की इस लचर व्यवस्था को लेकर मरीजों और तीमारदारों में काफी गुस्सा देखने को मिल रहा है। बदहाल इंतजामों और जल निकासी की व्यवस्था न होने से दूर-दराज से आने वाले लोगों को रोज भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे।