Hamirpur News: जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर में 7 अगस्त को एक लघु रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले के माध्यम से कुल 90 विभिन्न पदों को भरने के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे। योग्य एवं इच्छुक उम्मीदवार अपने मूल दस्तावेजों के साथ इस प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
एसआईएस इंडिया में सिक्योरिटी गार्ड के 70 पदों पर भर्ती
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि एसआईएस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों के लिए इंटरव्यू लेगी। इसके लिए 19 से 40 वर्ष के पुरुष पात्र होंगे। 10वीं पास या उससे अधिक योग्यता, न्यूनतम 168 सेमी लंबाई और 54 से 95 किग्रा वजन वाले उम्मीदवारों को 18,000 से 24,000 रुपये मासिक वेतन मिलेगा।
ऑटोमोबाइल कंपनियों में फील्ड अफसर और सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद
कंपीटेंट ऑटोमोबाइल कंपनी हमीरपुर 25 से 40 वर्ष के पुरुषों के लिए फील्ड अफसर और सेल्स एग्जीक्यूटिव के 6-6 पदों पर इंटरव्यू लेगी। इनके लिए स्नातक या आईटीआई डिप्लोमा होना जरूरी है, जिसमें 13,500 रुपये तक वेतन रहेगा। वहीं, न्यू एनजी ऑटो प्राइवेट लिमिटेड में भी 4-4 पदों पर 22 से 45 वर्ष के पुरुष व महिला उम्मीदवारों की भर्ती 13,000 से 15,000 रुपये वेतन पर होगी।
आवेदकों के लिए आवश्यक शर्तें और साक्षात्कार प्रक्रिया
जिला रोजगार अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इन पदों के लिए आवेदन करने वाले युवाओं का नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है। पात्र उम्मीदवार अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों और हिमाचली बोनाफाइड सर्टिफिकेट के साथ निर्धारित तिथि को साक्षात्कार के लिए उपस्थित हो सकते हैं।