Hamirpur News: उपमंडल बड़सर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र बिझड़ी में बीती रात बेखौफ चोरों ने एक साथ दो दुकानों और एक रिहायशी मकान को निशाना बनाया। शातिरों ने बिझड़ी बाजार स्थित दो मनियारी एवं जनरल स्टोर से नकदी व नोटों के हार और एक बंद मकान से 35 से 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत और रोष का माहौल है।
हमीरपुर जिले के बड़सर उपमंडल के तहत बिझड़ी में चोरों ने एक ही रात में तीन जगहों पर सेंधमारी कर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुबह जब स्थानीय दुकानदारों और पड़ोसियों ने दुकानों व मकान के ताले टूटे देखे, तो तुरंत इसकी सूचना प्रभावित परिवारों और स्थानीय पुलिस को दी।
सगाई में चंडीगढ़ गया था परिवार, सूने घर से लाखों के गहने चोरी
जानकारी के अनुसार, बाजार से कुछ ही दूरी पर स्थित रिहायशी मकान के मालिक सुरजीत सिंह राणा दो-तीन दिन पहले परिवार सहित अपने बच्चे की रिंग सेरेमनी (सगाई समारोह) में शामिल होने चंडीगढ़ गए हुए थे। घर पूरी तरह सूना था। चोरों ने इसी बात का फायदा उठाकर मुख्य दरवाजे और कमरों के ताले तोड़े और अंदर रखी अलमारियों व लॉकरों को पूरी तरह खंगाल डाला।
चंडीगढ़ से जब परिजन वापस लौटे तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था तथा नकदी और कीमती आभूषण गायब थे। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी हुए गहनों और सामान की कीमत करीब 35 से 40 लाख रुपये के बीच है। परिवार की महिला ने बताया कि फरवरी माह में उनकी बेटी की शादी तय है, जिसके लिए गहने तैयार करवाकर रखे गए थे। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने जल्द चोरों को पकड़कर गहने बरामद नहीं किए, तो धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम किया जाएगा।
दो दुकानों के गल्ले से नकदी और नोटों के हार भी उड़ाए
रिहायशी मकान के अलावा चोरों ने बिझड़ी बाजार में स्थित दो मनियारी एवं जनरल स्टोर को भी निशाना बनाया। शातिर दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसे और गल्ले में रखी लाखों रुपये की नकदी साफ कर दी। इसके साथ ही शादी-समारोहों के लिए रखे गए करीब 50 हजार रुपये मूल्य के करेंसी नोटों के हार भी चुरा ले गए।
लगातार हुई इन वारदातों से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। व्यापार मंडल और पीड़ित परिवार ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाने की मांग की है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, फोरेंसिक टीम लेगी सुराग
वारदात की सूचना मिलते ही बड़सर पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और तीनों घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आसपास की दुकानों और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है ताकि संदिग्धों का सुराग लगाया जा सके।
डीएसपी बड़सर हरीश गुलेरिया ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की तहकीकात के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।