‘इतिहास में पहली बार सरकार खुद के खिलाफ सड़कों पर’, भाजपा की रैली पर बोले भोरंज विधायक सुरेश कुमार

Share

- Advertisement -

Hamirpur News: वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ रैली पर कड़ा सियासी प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में यह पहली बार देखा जा रहा है जब सत्ता में बैठी सरकार खुद अपनी ही नीतियों और विफलता के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन कर रही है।

हमीरपुर जिले के भोरंज से कांग्रेस विधायक सुरेश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी की हालिया रैली पर सवाल खड़े करते हुए केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जब केंद्र में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार चल रही है, तो देश की व्यवस्था बनाए रखने और संविधान की रक्षा की जिम्मेदारी भी उसी की है।

“लोकतंत्र खतरे में है तो यह सरकार की विफलता”

विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि यदि देश में वाकई अराजकता का माहौल है या लोकतंत्र खतरे में है, तो इस पर ठोस कार्रवाई करने का दायित्व केंद्र सरकार का है। अगर सरकार हालात संभालने में अक्षम है, तो यह उसकी प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।

उन्होंने आगे कहा कि जब गृहमंत्री, केंद्रीय मंत्री, सांसद और विधायक स्वयं सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने लगें, तो यह स्थिति हास्यास्पद होने के साथ-साथ शर्मनाक भी है। भाजपा को जनता के सामने यह स्पष्ट करना चाहिए कि वे लोकतंत्र बचाने की गुहार किससे लगा रहे हैं, जबकि आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी स्वयं देश के गृहमंत्री की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के इस कदम से देश के गंभीर हालातों पर सवाल उठते हैं, ऐसे में प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को तुरंत पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

राहुल गांधी की चेतावनियों का दिया हवाला

कांग्रेस नेता ने कहा कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा समय-समय पर दी गई कई चेतावनियां आज सच साबित हो रही हैं। नोटबंदी, कोरोना महामारी के कुप्रबंधन, जीएसटी और आर्थिक मंदी जैसे गंभीर मुद्दों पर राहुल गांधी के सुझावों को सरकार ने गंभीरता से नहीं लिया, जिसका सीधा खामियाजा पूरे देश को भुगतना पड़ा।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने पहले ही कहा था कि विपक्ष के दबाव और अपनी नाकामियों के कारण एक दिन सरकार के मंत्रियों को सड़कों पर उतरना पड़ेगा, और आज देश में वही दृश्य देखने को मिल रहा है।

महंगाई, भ्रष्टाचार और जनमुद्दों पर घेरा

विधायक ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि आज देश में महंगाई, भ्रष्टाचार, वोट चोरी, चंदा चोरी और पेपर लीक जैसे मामले चरम पर पहुंच चुके हैं। इसके साथ ही महिलाओं और किसानों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब इन मूलभूत समस्याओं से छुटकारा पाना चाहती है और लोग मौजूदा भाजपा सरकार की नीतियों से पूरी तरह तंग आ चुके हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News