Chandigarh News: प्रवर्तन निदेशालय ने निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े रिश्वतकांड में पंजाब के सात आईएएस-आईपीएस अधिकारियों को पूछताछ के लिए समन जारी किए हैं। इनमें पांच अधिकारी अभी सरकारी सेवा में हैं, जबकि दो सेवानिवृत्त हो चुके हैं। यह कार्रवाई भुल्लर और बिचौलिए कृष्णु शारदा के खिलाफ चल रही मनी लॉन्ड्रिंग जांच का हिस्सा है।
ईडी इन अधिकारियों से पूछताछ कर भुल्लर और उनके सहयोगी कृष्णु शारदा से उनके संबंधों की जांच करेगी। पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव कुमार राहुल को सोमवार को पेश होने के लिए कहा गया है। फरीदकोट मंडल के कमिश्नर के स्टाफ अधिकारी आनंद सागर को 25 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
किन अधिकारियों को कब बुलाया गया
सामान्य प्रशासन एवं समन्वय विभाग की विशेष सचिव नीरू कत्याल गुप्ता को 26 नवंबर को ईडी के समक्ष पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों में फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह और लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा को भी समन जारी किए गए हैं। गगन अजीत सिंह को 26 नवंबर और स्वपन शर्मा को 27 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
सेवानिवृत्त अधिकारियों में जालंधर के पूर्व कमिश्नर गुरप्रीत सपरा और फरीदकोट, फिरोजपुर तथा जालंधर के पूर्व डिविजनल कमिश्नर अरुण शेखरी शामिल हैं। गुरप्रीत सपरा को 26 नवंबर और अरुण शेखरी को 25 नवंबर को पेश होने के लिए कहा गया है।
सीबीआई की एफआईआर से शुरू हुई जांच
भुल्लर के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग की जांच सीबीआई द्वारा दर्ज दो एफआईआर के आधार पर की जा रही है। इनमें रिश्वतखोरी और आय से अधिक संपत्ति के आरोप शामिल हैं। रोपड़ रेंज के तत्कालीन डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर को 16 अक्टूबर 2025 को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था।
आरोप था कि एक स्क्रैप कारोबारी से मामले को निपटाने के लिए बिचौलिए के माध्यम से रिश्वत मांगी गई थी। सीबीआई ने भुल्लर के सेक्टर-40 स्थित घर पर छापा मारा था तो वहां से लगभग साढ़े सात करोड़ रुपये कैश, ढाई किलो सोना, करोड़ों की संपत्ति के कागजात, महंगी शराब और घड़ियां बरामद हुई थीं। इसके बाद ईडी ने उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग की भी जांच शुरू कर दी थी।