Bareilly News: सोने और चांदी की कीमतों में लगातार आ रही गिरावट ने सराफा बाजार में ग्राहकों को बड़ी राहत दी है। रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद अब सोना करीब 1.26 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम (तोला) तक नीचे आ गया है। भाव कम होने से शादी-ब्याह की तैयारी कर रहे परिवारों ने एक बार फिर नए आभूषणों की खरीदारी शुरू कर दी है।
बीते दिनों आसमान छू रहे सोने के दामों में रोजाना एक से दो हजार रुपये तक की गिरावट दर्ज की जा रही है। इसका सीधा लाभ ग्राहकों को मिल रहा है। पहले अधिक कीमतों के कारण जो परिवार पुराने जेवरों को पॉलिश करवाकर काम चलाने की योजना बना रहे थे, वे भी अब नए आभूषण खरीदने के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। बरेली के आलमगीरीगंज, साहूकारा, सिविल लाइंस और बड़ा बाजार समेत प्रमुख सराफा बाजारों में ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ गई है।
1 लाख रुपये तक नीचे आ सकता है सोने का भाव
सराफा कारोबारियों का अनुमान है कि यदि कीमतों में गिरावट का यह सिलसिला जारी रहा, तो सोना एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक भी आ सकता है। आलमगीरीगंज के कारोबारी शौर्य गोयल के अनुसार, सोने के दाम लगातार घटकर 1.26 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास आ गए हैं, जिससे ग्राहकों को खरीदारी का अच्छा मौका मिल रहा है और बाजार में भीड़ बढ़ रही है।
वहीं, राजेंद्र नगर आवास विकास निवासी विधान रस्तोगी ने बताया कि बाजार में मांग और नकदी की स्थिति कमजोर होने से कीमतों पर असर पड़ा है। उन्होंने संभावना जताई कि आने वाले एक सप्ताह तक गिरावट का दौर जारी रह सकता है और सोने का भाव 1 लाख 10 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक आ सकता है।
डॉलर की मजबूती से गिरे दाम, आगे उतार-चढ़ाव के संकेत
शिवाजी मार्ग निवासी राजकुमार अग्रवाल के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर की मजबूती का असर सोने की कीमतों पर पड़ रहा है, जिससे दाम तेजी से घटे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि 25 नवंबर से कीमतों में फिर से बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है, इसलिए शादी के लिए जेवर खरीदने वालों को मौजूदा गिरावट का लाभ उठाना चाहिए।
आलमगीरीगंज के कारोबारी विकास वर्मा का मानना है कि भाव एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकते हैं, लेकिन जून-जुलाई तक कीमतों में दोबारा तेजी आने के आसार हैं। दूसरी ओर, महानगर ज्वैलर्स एंड बुलियन एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप अग्रवाल मिंटू ने कहा कि लगातार गिरावट के बावजूद आने वाले दिनों में कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, लेकिन सहालग के चलते फिलहाल कम दाम पर खरीदारी का बेहतर अवसर है।