एत्मादपुर में आज गरजेंगे बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद: विधानसभा चुनाव के लिए सर्वेश बघेल को घोषित किया जाएगा प्रत्याशी

Share

- Advertisement -

Agra News: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पारंपरिक दलित वोट बैंक में सेंध लगाने की अन्य दलों की कोशिशों के बीच पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद रविवार को आगरा के एत्मादपुर में जनसभा करेंगे। एत्मादपुर चौराहे स्थित मॉडल स्कूल मैदान में होने वाली इस जनसभा में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सर्वेश बघेल को एत्मादपुर से बसपा का प्रत्याशी घोषित किया जाएगा।

अपने मूल वोट बैंक को एकजुट रखने के लिए आकाश आनंद जनसभा में पूर्ववर्ती बसपा सरकार के कार्यों को मजबूती से जनता के सामने रखेंगे। वर्तमान में एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के गठबंधन से बने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा (एसपीएम) तथा समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) अभियान में दलितों की बढ़ती भागीदारी बसपा के लिए एक बड़ी राजनीतिक चुनौती बनी हुई है। ऐसे में दलितों के गढ़ माने जाने वाले इस क्षेत्र में आकाश आनंद की रैली बेहद अहम मानी जा रही है।

युवा दलितों को जोड़ने पर पार्टी का विशेष फोकस

जनसभा में भीड़ जुटाने के लिए शनिवार को पार्टी पदाधिकारी तैयारियों में जुटे रहे। पदाधिकारियों का विशेष जोर युवाओं, खासकर युवा दलितों को जनसभा तक लाने पर है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के गठबंधन से युवा दलित और मुस्लिम वोटों के बसपा से छिटकने की आशंका है। वहीं, सपा भी जीआईसी मैदान में दलित महासम्मेलन आयोजित कर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जीत के समीकरण साधने के लिए दलित समाज को अपने संगठन से जोड़ने में जुटी है।

इन परिस्थितियों में सभी की निगाहें आकाश आनंद की जनसभा में जुटने वाली भीड़, युवाओं की भागीदारी और विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी रणनीति पर टिकी हैं। हालांकि, युवा कार्यकर्ता उनके पुराने आक्रामक तेवर देखना चाहते हैं, लेकिन पिछले कुछ महीनों में पार्टी के भीतर हुए घटनाक्रमों के बाद से उनके तेवरों में कुछ नरमी देखी गई है।

10 हजार लोगों की क्षमता वाला पंडाल, दोपहर 12 बजे के बाद पहुंचेंगे आकाश आनंद

बसपा के जिलाध्यक्ष मनीष कमल ने बताया कि जनसभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे और मंच से एत्मादपुर के लिए पार्टी प्रत्याशी के रूप में सर्वेश बघेल के नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

मॉडल स्कूल मैदान में करीब 10 हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाला विशाल टेंट लगाया गया है। एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से लोगों को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए कार और बसों की व्यवस्था की गई है। सुबह 10 बजे से कार्यकर्ताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा, जबकि राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद दोपहर 12 बजे के बाद जनसभा को संबोधित करने पहुंचेंगे।

आगरा में आकाश आनंद की यह तीसरी जनसभा

आगरा जिले में आकाश आनंद की यह तीसरी जनसभा है। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान कोठी मीना बाजार में अपनी पहली जनसभा की थी। उस समय बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती पर चुनाव आयोग द्वारा 48 घंटे के लिए प्रचार पर रोक लगाए जाने के बाद वे गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में सभा करने पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में चक्कीपाट में अपनी दूसरी जनसभा को संबोधित किया था।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News