भारत मंडपम के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में गूंज रही महिला उद्यमियों के संघर्ष और सफलता की कहानियां: टीबी-कैंसर और लॉकडाउन को मात देकर बनीं आत्मनिर्भर

Share

- Advertisement -

Delhi News: नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला केवल देशी-विदेशी उत्पादों और कारोबार का मंच नहीं है, बल्कि यहां जिंदगी की कठिन चुनौतियों से लड़कर सफलता हासिल करने वाली महिला उद्यमियों की कहानियां भी लोगों को प्रेरित कर रही हैं। मेले के विभिन्न राज्यों के पवेलियन में ऐसी अनेक महिलाएं अपने उत्पादों के साथ मौजूद हैं, जिन्होंने बीमारी, आर्थिक तंगी और कोविड लॉकडाउन जैसी मुश्किलों को मात देकर खुद को आत्मनिर्भर बनाया और अन्य महिलाओं को भी रोजगार से जोड़ा।

टीबी और कैंसर से लड़कर 900 महिलाओं को बनाया आत्मनिर्भर

हरियाणा पवेलियन में गुरुग्राम के गांव ढाणी चिटर सैन की नीलम यादव की कहानी संघर्ष और हौसले की अनूठी मिसाल है। शादी के बाद पति की आंखों की रोशनी कम होने से परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ी, तो उन्होंने गांव में एक छोटी सी दुकान शुरू की। इसी दौरान वह टीबी (क्षय रोग) की चपेट में आ गईं और करीब तीन साल तक उनका इलाज चला।

कठिनाइयों से हार मानने के बजाय नीलम ने वर्ष 2017 में स्वयं सहायता समूह से जुड़कर गांव-गांव जाकर करीब 800 से 900 महिलाओं को इन समूहों से जोड़ा। उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र से प्रशिक्षण लेकर अचार, पापड़ और मसाले बनाने का काम शुरू किया। वर्ष 2021 में उन्हें कैंसर होने का पता चला, लेकिन इलाज के दौरान भी उन्होंने अपना काम बंद नहीं किया। पौष्टिक और जैविक भोजन के महत्व को समझते हुए उन्होंने बाजरे का आटा, बाजरे की खिचड़ी, अचार और मसालों जैसे उत्पाद तैयार करने शुरू किए। सर्वश्रेष्ठ स्वयं सहायता समूह और सर्वश्रेष्ठ किसान का सम्मान पा चुकीं नीलम का मानना है कि हार परिस्थितियों से नहीं, बल्कि प्रयास छोड़ने से होती है।

कोविड काल में एक फोन कॉल से शुरू किया ‘सुनहरा गोटा’ ब्रांड

हरियाणा पवेलियन में ही गुरुग्राम की अनुषा मंत्री अपने ब्रांड ‘सुनहरा गोटा’ के उत्पादों के साथ लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। कोविड-19 के कठिन दौर में जब ज्यादातर कारोबार ठप हो रहे थे, तब उन्होंने एक फोन कॉल के जरिए अपने उद्यम की शुरुआत की। दुपट्टों से शुरू हुए उनके काम को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अच्छी प्रतिक्रिया मिली।

दो साल बाद जब उन्हें पहली बार रिटेल बाजार में उतरने का अवसर मिला, तो उनका पूरा कलेक्शन बिक गया। इसके बाद उन्होंने गोटा पट्टी के कारीगरों के साथ मिलकर अपने काम को विस्तार दिया और दीवाली 2025 में महिलाओं के लिए रेडी-टू-वियर परिधान भी लॉन्च किए। आज उनका यह ब्रांड 20 से अधिक परिवारों की आजीविका का आधार बन चुका है। अनुषा का लक्ष्य पारंपरिक गोटा पट्टी कला को रोजमर्रा के परिधानों में नई पहचान दिलाना है।

बिहार पवेलियन की कृष्णा देवी की कलाकृतियों के ग्राहक अमेरिका तक

बिहार पवेलियन में कृष्णा देवी की यात्रा भी बेहद प्रेरक है। पति के साथ चेन्नई में रहते हुए उन्होंने पेंटिंग और कलाकृतियां बनाने का हुनर सीखा था। करीब 12 साल के अनुभव के बाद जब लॉकडाउन में रोजगार प्रभावित हुआ, तो उन्होंने इसी कला को अपनी आजीविका का माध्यम बना लिया।

वर्ष 2016 में जीविका समूह से जुड़ने के बाद उन्हें सरस मेले और विभिन्न प्रदर्शनियों में अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का मंच मिला। पति के साथ मिलकर तैयार की गई उनकी कलाकृतियों की कीमत 35 रुपये से लेकर 3.75 लाख रुपये तक है, जिनमें बड़ी मूर्तियों को बनाने में करीब छह महीने का समय लगता है। आज उनकी कलाकृतियों के खरीदार भारत के साथ-साथ अमेरिका तक में हैं।

विलुप्त होती बज्जिका लोककला ‘बसैरी चित्र’ को सहेज रहीं कंचन प्रकाश

बिहार पवेलियन में ही मुजफ्फरपुर की कंचन प्रकाश पारंपरिक बज्जिका लोककला ‘बसैरी चित्र’ को नई पहचान दिलाने में जुटी हैं। यह कला पहले विवाह संस्कारों के अवसर पर घरों की दीवारों पर प्राकृतिक रंगों से उकेरी जाती थी, लेकिन बदलती जीवनशैली के कारण यह परंपरा धीरे-धीरे लुप्त हो रही है।

राज्य पुरस्कार और फेलोशिप सम्मान प्राप्त कर चुकीं कंचन मेले में इस कला का लाइव डेमो देकर आगंतुकों को इसकी सांस्कृतिक महत्ता समझा रही हैं। उनका मुख्य उद्देश्य इस समृद्ध लोक विरासत को संरक्षित कर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News